हरिद्वार में फ्लाईओवर के नीचे लोहे का गाटर गिरने से दो कांवड़ यात्रियों की मौत, गंगाजल लेकर लौट रहे थे दोनों
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Aug 02, 2026 10:39
•
22 views
•
0 Comments
हरिद्वार के शांतरशाह चौकी क्षेत्र के बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास निर्माणाधीन हाईवे के फ्लाईओवर के नीचे भारी लोहे का गाटर अचानक खिसककर दो कांवड़ यात्रियों के ऊपर गिर गया। गंभीर रूप से घायल दोनों कांवड़ यात्रियों को पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। डीएम ने भी पुलिस और एनएचएआई से पूरे मामले में रिपोर्ट मांगी है। पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार दोपहर करीब तीन बजे की है। जब तनुज कुमार (21) निवासी छोटा हरिद्वार जलालाबाद थाना मुरादनगर जिला गाजियाबाद और कृष्णा (22) निवासी शकुरपुर मोदीनगर थाना भोजपुर गाजियाबाद यूपी, हरिद्वार से गंगाजल भरकर लौटते समय रास्ते में बढ़ेड़ी राजपूतान गांव के पास रुक गए।
यहां निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे दोनों कुछ देर विश्राम करने के लिए बैठ गए। पास में भारी लोहे के गाटर रखे हुए थे। इस बीच अचानक खिसककर एक गाटर दोनों यात्रियों के ऊपर आ गिरा। इसके नीचे दबने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृतकों के साथ चल रहे अन्य कांवड़ यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। क्षेत्राधिकारी संजय चौहान ने बताया कि दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि निर्माणाधीन फ्लाईओवर के नीचे भारी लोहे का गाटर किस परिस्थिति में रखा गया था। वहां सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। मृतकों के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है।
मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी, हरिद्वार ने कहा कि शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि फ्लाईओवर के नीचे खाली जगह पर लोहे के गाटर रखे हुए थे। जैसे ही कांवड़ यात्री उन पर चढ़कर बैठने का प्रयास करने लगे तो गाटर नीचे फिसलकर गिर गए। इसकी चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल होने से दोनों यात्रियों की मौत हो गई। पूरे मामले में एनएचएआई और पुलिस से रिपोर्ट तलब की गई है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!