उत्तराखंड में LPG रिफिल बुकिंग के अब शहरी व ग्रामीण सभी क्षेत्रों के लिए बुकिंग की समय सीमा घटी
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Sep 11, 2026 22:22
•
23 views
•
0 Comments
देहरादून में नए नगर निगमों के गठन और नगर पालिका क्षेत्रों के विस्तार के बाद ग्रामीण से शहरी क्षेत्र में शामिल हुए घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को अब सिलिंडर की रिफिल बुकिंग के लिए 45 दिन का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। केंद्र सरकार ने शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों के लिए रिफिल बुकिंग की अवधि समान रूप से 25 दिन कर दी है। गढ़वाल सांसद अनिल बलूनी ने केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र भेजकर इस समस्या को उठाया था। उन्होंने प्रशासनिक सीमाओं में बदलाव से शहरी क्षेत्र में शामिल हुए उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन की बाध्यता समाप्त कर बुकिंग अवधि 25 दिन करने का आग्रह किया था।
केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बलूनी को भेजे पत्र में बताया कि पश्चिम एशिया संकट के दौरान एलपीजी आपूर्ति पर दबाव बढ़ने के कारण अस्थायी व्यवस्था के तहत शहरी क्षेत्रों में 25 और ग्रामीण क्षेत्रों में 45 दिन की रिफिल बुकिंग अवधि तय की गई थी। अब एलपीजी की उपलब्धता सामान्य होने के बाद तेल विपणन कंपनियों को दोनों क्षेत्रों में समान रूप से 25 दिन की अवधि लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।बलूनी ने कहा कि इस बदलाव से नए नगर निगमों और विस्तारित नगर पालिका क्षेत्रों में शामिल उपभोक्ताओं को विशेष राहत मिलेगी।अब ग्रामीण और शहरी उपभोक्ताओं के बीच रिफिल बुकिंग की अवधि का अंतर समाप्त हो गया है और दोनों श्रेणियों के उपभोक्ता 25 दिन के अंतराल पर घरेलू गैस सिलिंडर बुक करा सकेंगे।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!