बागेश्वर

उत्तराखंड के बागेश्वर में सरयू का रौद्र रूप, पुल के ऊपर से बह रही नदी, नदी के आसपास के इलाके खाली कराए गए

सुरेन्द्र सिंह रावत By सुरेन्द्र सिंह रावत Aug 14, 2026 10:51 1 views 0 Comments
उत्तराखंड के बागेश्वर में सरयू का रौद्र रूप, पुल के ऊपर से बह रही नदी, नदी के आसपास के इलाके खाली कराए गए

बागेश्वर के कपकोट के ऊपरी क्षेत्रों में रातभर हुई मूसलधार बारिश से सरयू नदी ने शुक्रवार सुबह रौद्र रूप धारण कर लिया। तेज बारिश के चलते सरयू का जलस्तर अचानक बढ़ गया और नदी कई स्थानों पर खतरे के करीब पहुंच गई। भेसखाल के समीप सरयू का पानी पुल के ऊपर तक पहुंचने से आवाजाही प्रभावित हुई और कई सड़कें बंद हो गईं। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क करते हुए सरयू बगड़ क्षेत्र को खाली करा दिया। कपकोट में सरयू के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए उपजिलाधिकारी अनिल चन्याल के निर्देश पर नगर क्षेत्र में डुगडुगी पिटवाकर लोगों को सचेत किया गया। नदी किनारे रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर रहने और नदी के आसपास नहीं जाने की हिदायत दी गई। प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें संवेदनशील क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं।

कपकोट क्षेत्र में हुई तेज बारिश का असर बागेश्वर तक दिखाई देने लगा है। सरयू का जलस्तर लगातार बढ़ने से नदी किनारे बसे क्षेत्रों में भी खतरा बढ़ गया। सरयू घाट को पूरी तरह खाली करा दिया गया है। लोगों से नदी के किनारे न जाने की अपील की गई है। हालांकि, जलस्तर में कमी आने को लेकर फिलहाल स्थिति स्पष्ट नहीं है और प्रशासन नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रख रहा है। बारिश के कारण कपकोट क्षेत्र में कई सड़क मार्ग बाधित हुए हैं। टूररिया टनल के समीप सड़क बंद होने की सूचना है। वहीं मिकिला-खालपट्टा मोटर मार्ग पर ग्राम लाहुर के माडूंगरी तोक में भी सड़क बाधित होने की जानकारी सामने आई है। लगातार बारिश के कारण अन्य ग्रामीण मार्गों पर भी भूस्खलन और मलबा आने का खतरा बना हुआ है। कपकोट के साथ बागेश्वर नगर और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश का सिलसिला लगातार जारी है। लगातार हो रही बारिश से नदी-नालों का जलस्तर बढ़ रहा है। प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है। नदी और गधेरों के आसपास रहने वाले लोगों को भी लगातार स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है।

सुरेन्द्र सिंह रावत

सुरेन्द्र सिंह रावत

Verified Reporter

Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.

Enjoyed this article?

Share it with your friends and colleagues.

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment