उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव की तैयारियां तेज, अर्द्धसैनिक बलों की 70 से ज्यादा कंपनियां होंगी तैनात
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Nov 25, 2026 07:18
•
10 views
•
0 Comments
उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए निर्वाचन आयोग ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए केंद्र सरकार से अर्द्धसैनिक बलों की 70 से अधिक कंपनियां मांगी जाएंगी। इसके साथ ही दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और हिमाचल प्रदेश से लगभग 10 हजार होमगार्ड लेने की तैयारी है।
प्रदेश में अगले वर्ष चुनाव होने हैं। यद्यपि, चुनाव आचार संहिता लागू होने के साथ ही यह तय होगा कि प्रदेश में चुनाव कब होंगे, लेकिन मुख्य राज्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय अभी से तैयारियों में जुट गया है। चुनाव प्रक्रिया को व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रदेश में बड़े स्तर पर कार्मिकों और सुरक्षा बलों की तैनाती की कार्ययोजना बनाई जा रही है। इसके तहत मतदान से लेकर मतगणना तक विभिन्न जिम्मेदारियों के निर्वहन के लिए करीब 50 हजार कार्मिकों की तैनाती की जाएगी।
वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, मतदान केंद्रों की सुरक्षा और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के लिए 20 हजार से अधिक सुरक्षा कर्मियों को लगाया जाएगा। प्रदेश में भौगोलिक परिस्थितियों और दुर्गम क्षेत्रों में स्थित मतदान केंद्रों को देखते हुए सुरक्षा बलों की उपलब्धता महत्वपूर्ण मानी जा रही है। प्रदेश पुलिस के इन चुनावों में तकरीबन 15 हजार जवान लगेंगे। इसके अलावा केंद्र से अर्द्धसैनिक बलों के साथ ही दूसरे राज्यों से होमगार्ड की मांग की जा रही है। बाहरी राज्यों से आने वाले होमगार्ड को स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय बनाकर विभिन्न क्षेत्रों में तैनात किया जाएगा। चुनाव के दौरान आचार संहिता के अनुपालन पर नजर रखने के लिए सी-विजिल एप को भी सक्रिय किया जाएगा। इसके जरिये कोई भी व्यक्ति आचार संहिता के उल्लंघन संबंधी जानकारी दे सकेगा।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!

