उत्तराखंड में प्रचंड हुआ मानसून, बागेश्वर में नदी-नाले उफनाए, बह रही बाइक को निकाला
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Sep 04, 2026 16:48
•
16 views
•
0 Comments
बागेश्वर में पहाड़ में बारिश का सिलसिला जारी है। कपकोट क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण गधेरे उफान पर हैं, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में जान का जोखिम उठाना पड़ रहा है। कपकोट-डणू खतगेड़ा सड़क पर डणू के निकट तेज बहाव में एक बाइक बहकर सड़क से नीचे गिर गई। गनीमत यह रही कि बाइक सवार बाल-बाल बच गया। मौके पर उपस्थित लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बाइक को बहने से बचा लिया। इस मार्ग से प्रतिदिन 2000 से अधिक लोग यात्रा करते हैं। पिंडारी मोटर मार्ग जिला और तहसील मुख्यालय को जोड़ता है। जानकारी के अनुसार, डणू के समीप सड़क पर बना यह रपटा कई वर्षों से इसी स्थिति में है। बरसात के दौरान यहां पानी का बहाव अचानक तेज हो जाता है, जिससे हर साल हादसे का खतरा बना रहता है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई बार वाहन चालक और राहगीर तेज बहाव में फंस जाते हैं, लेकिन इसके बावजूद रपटे को सुरक्षित बनाने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।बारिश के दौरान पहाड़ की सड़कों पर आवागमन एक चुनौती बन गया है। लोग अपने घरों और गंतव्य तक पहुंचने की जल्दबाजी में उफनते गधेरों और तेज बहाव वाले रपटों को पार करने का जोखिम उठा रहे हैं। डणू का यह स्थान बरसात में लोगों के लिए भय का कारण बना हुआ है। हाल की घटना ने एक बार फिर यहां सुरक्षा इंतजामों की कमी को उजागर किया है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से रपटे का स्थायी समाधान और बारिश के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!