रुद्रपुर में परिवहन विभाग की बड़ी कार्यवाही बिना टैक्स बिना परमिट की बस सीज, क्षमता 30 सीटों की निकले 168 यात्री
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Aug 12, 2026 10:40
•
150 views
•
0 Comments
रुद्रपुर में परिवहन विभाग की टीम ने बुधवार रात लालपुर में चेकिंग के दौरान एक बस को ओवरलोड और बिना टैक्स-परमिट के संचालन करते पकड़ा। बस में निर्धारित क्षमता से कई गुना अधिक सवारियां मिलीं। विभाग ने बस का चालान कर उसे रोडवेज स्टेशन रुद्रपुर में सीज कर दिया। यात्रियों के लिए परिवहन निगम की ओर से वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कराई गई। संभागीय परिवहन अधिकारी अरविंद पांडेय के निर्देश और सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नवीन सिंह के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने रात करीब एक बजे लालपुर में बस संख्या एनएल 02B3020 को रोका। परिवहन कर अधिकारी जितेंद्र सिंगवान और प्रभारी सुतैया सचल दल ने बस की जांच की तो उसमें 138 बड़ी सवारियां और 30 बच्चे, यानी कुल 168 यात्री मिले।
जांच में सामने आया कि बस को केवल 30 स्लीपर और एक सीट के लिए पास किया गया था। इसके बावजूद इसमें क्षमता से कई गुना अधिक यात्रियों को बैठाकर ले जाया जा रहा था। बस लखीमपुर खीरी से अंबाला, लुधियाना, खन्ना और जालंधर (पंजाब) जा रही थी। परिवहन विभाग ने ओवरलोडिंग, बिना टैक्स, बिना परमिट सहित अन्य अभियोगों में बस का चालान किया। इसके बाद वाहन को रोडवेज स्टेशन रुद्रपुर में सीज कर दिया गया। यात्रियों को परेशानी न हो, इसके लिए सहायक महाप्रबंधक, परिवहन निगम मधुसूदन मिश्रा के सहयोग से वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था कराई गई। कार्रवाई में राजीव तिवारी, परिवहन आरक्षी दिनेश सिंह, परिवहन आरक्षी नंद राम और सचल दल के चालक शामिल रहे। परिवहन विभाग ने आमजन से अपील की है कि वे ओवरलोड बसों में यात्रा न करें। विभाग का कहना है कि क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर चलने वाली बसें हादसे की स्थिति में गंभीर खतरा बन सकती हैं। ओवरलोड और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!