उत्तराखंड के रामनगर में बुलडोजर का 'महाएक्शन', 525 पुलिसकर्मियों और तीन कंपनी पीएसी तैनात, धारा 163 लागू
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Oct 31, 2026 08:55
•
96 views
•
0 Comments
रामनगर के पुछड़ी गांव में वन विभाग की जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए तैयारी शुरू हो गई है। सुबह चार बजे राजकीय महाविद्यालय से पुलिस, वन विभाग, प्रशासन के लोग अफसरों के नेतृत्व में एक साथ पुछड़ी गांव पहुंचे। पांच बजे से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। 14 सेक्टर में एक साथ अलग अलग जगह पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई हुई। कई लोगों ने रात में ही अपना सामान समेट लिया था। इस दौरान कच्चे पक्के अतिक्रमण पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई।
पांच हेक्टेयर क्षेत्र से अतिक्रमण हटना है। कार्रवाई के लिए पुलिस ने सुरक्षा का अभूतपूर्व घेरा तैयार किया है। पांच एसपी स्तर के अधिकारियों, छह सीओ, 25 निरीक्षकों, 82 उपनिरीक्षकों समेत 525 पुलिसकर्मियों और तीन कंपनी पीएसी को मोर्चे पर लगाया गया है। क्षेत्र को दो सुपर जोन, सात जोन और 14 सेक्टर में विभाजित किया गया है। छह बैरियर बनाए गए हैं। एसपी डा. जगदीश चंद्र को प्रभारी बनाया गया है। तीन अपर पुलिस अधीक्षक और छह क्षेत्राधिकारी अलग-अलग जोन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
यातायात व्यवस्था के लिए भी अलग से पुलिस अधिकारियों की तैनाती की गई है। पुलिस, पीएसी के अलावा मौके पर मजिस्ट्रेट, वन विभाग से दो डीएफओ, पांच एसडीओ, 14 रेंजर, 240 डिप्टी रेंजर और बीट आफिसर तैनात किए गए हैं। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर सर्विस, बम निरोधक दस्ता, एंटी रायट टीम, आंसू गैस दस्ता, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!
