देहरादून के रायपुर में पैसों के लेनदेन के विवाद ने प्लंबर ने पेचकस से तीन लोगों की हत्या कर दी, स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़कर किया पुलिस के हवाले
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Oct 06, 2026 21:02
•
1 views
•
0 Comments
देहरादू में रायपुर थाना क्षेत्र स्थित तपोवन की विष्णु लोक कॉलोनी में मंगलवार दोपहर एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। यहां एक बदमाश ने आयुध निर्माणी (ऑर्डिनेंस फैक्ट्री) से रिटायर्ड बुजुर्ग दंपति और उनकी नौकरानी की दिनदहाड़े पेचकस से गोदकर निर्मम हत्या कर दी। इस तिहरे हत्याकांड से इलाके में सनसनी फैल गई है। मारे गए लोगों की पहचान रजनी कपूर (75), उनके पति रमेश कपूर (80) और उनके घर में काम करने वाली महिला तिलिया देवी उर्फ शीला (48) के तौर पर हुई है, जो विद्या विहार में रहते थे। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी एक प्लंबर है, जिसने काम के बदले मिलने वाले पैसों को लेकर हुई बहस के बाद इस वारदात को अंजाम दिया। उधर आरोपी का नाम राज कुमार है, जो कि उत्तर प्रदेश के बिजनौर का रहने वाला है और पिछले पांच साल से देहरादून में रह रहा है। बताया जा रहा है कि जिस घर में यह जोड़ा अकेले रहता था, वहां बाथरूम और किचन में प्लंबिंग का काम करने के लिए उन्होंने उसे बुलाया था। पुलिस ने बताया कि वह पिछले दो साल से उनके घर पर काम कर रहा था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार दोपहर के वक्त आरोपी प्लंबर रिटायर्ड बुजुर्ग दंपति के घर पर आया था, जिसके बाद बुजुर्ग दंपति ने उससे घर का कुछ काम कराया। इसके बाद मेहनताना देने को लेकर पति-पत्नी की उससे बहस होने लगी। विवाद के बाद आरोपी पहले तो वहां से चला गया, लेकिन थोड़ी देर बाद चोरी के इरादे से वापस आया, इसी दौरान बुजुर्ग दंपति ने उसे पकड़ लिया, जिसके बाद बौखलाए हमलावर ने उन पर पेचकस से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इसी दौरान घर के बाहर से गुजर रही उनकी मेड को अंदर से आहट सुनाई दी। अनहोनी की आशंका में वह दौड़कर घर के अंदर पहुंची और बीच-बचाव की कोशिश की। इस पर आरोपी ने नौकरानी पर भी पेचकस से जानलेवा हमला कर दिया। जिससे तीनों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि हमले में इस्तेमाल किया गया पेचकस घटना स्थल से बरामद करलिया गया है। नौकरानी की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके की ओर दौड़े। खुद को घिरता देख आरोपी घर से पैदल ही भागने लगा, लेकिन मुस्तैद लोगों ने पीछा करते हुए उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया। तलाशी में उसके पास से लूटी गई एक सोने की चेन बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, यह घटना मंगलवार दोपहर 2.30 बजे से 3 बजे के बीच हुई। देहरादून के SSP प्रमेंद्र डोभाल ने बताया, 'दोपहर करीब 3.10 बजे रायपुर पुलिस स्टेशन को सूचना मिली कि विष्णु लोक कॉलोनी के लोगों ने एक चोर को पकड़ा है, जो एक घर में घुस गया था। पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि स्थानीय लोगों ने आरोपी को पकड़ रखा था। घर के अंदर एक बुजुर्ग दंपति और एक महिला बेहोश और घायल हालत में मिले। उन्हें कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसएसपी डोभाल ने आगे बताया, ‘पूछताछ के दौरान राज कुमार ने पुलिस को बताया कि वह दोपहर में प्लंबिंग का काम करने के लिए उस जोड़े के घर गया था। काम पूरा होने के बाद, उसे मिलने वाले पेमेंट को लेकर बहस हो गई। इसके बाद वह घर से चला गया और फिर चोरी करने के इरादे से वापस आया। उसने जोड़े को जान से मारने की नीयत से पेचकस से उन पर हमला किया।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!