रामनगर में मां के सामने बेटे को उठाकर जंगल में ले गया बाघ, दो घंटे बाद मिला 22 वर्षीय युवक का शव
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Nov 21, 2026 14:36
•
18 views
•
0 Comments
नैनीताल जिले के रामनगर में बाघ के हमले की एक दर्दनाक घटना सामने आई है। तराई पश्चिमी वन प्रभाग के फाटो वन क्षेत्र में मवेशी चरा रहे 22 वर्षीय युवक पर अचानक बाघ ने हमला कर दिया। बाघ युवक को उसकी मां और चचेरे भाई के सामने घसीटते हुए जंगल के अंदर ले गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। करीब दो घंटे की तलाश के बाद युवक का शव जंगल से बरामद हुआ। जानकारी के मुताबिक ढेला के फाटो वन गुज्जर खत्ते में रहने वाला दिलशाद पुत्र मोहम्मद गुलाम मुस्तफा अपनी मां नूरजहां और चचेरे भाई इमरान के साथ घर से करीब 200 मीटर दूर मवेशियों को चराने गया था। इसी दौरान कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे फाटो क्षेत्र में एंटी पोचिंग चौकी के पास अचानक बाघ ने दिलशाद पर हमला कर दिया।
बाघ उसे घसीटते हुए जंगल में ले गया। यह सब देखकर मां और चचेरे भाई के होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद जंगल में युवक की तलाश के लिए अभियान चलाया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद दिलशाद का शव बरामद कर लिया गया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। फाटो रेंज अधिकारी कृपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि घटना उत्तरी फाटो बीट के कक्ष संख्या 43 में हुई है।
वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम समेत जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ पुनीत तोमर ने बताया कि मृतक के परिजनों को नियमानुसार मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। घटना के बाद आसपास के वन गुज्जर परिवारों और ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। जंगल से सटे इलाकों में बाघ की सक्रियता ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!

