उत्तराखंड के बाजपुर में पुल के अधूरे निर्माण से आई बाढ़, गुस्साए भाजपा नेता व लोगों ने एएई के मुंह पर मिट्टी पोती और पीटा
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Sep 06, 2026 19:30
•
1 views
•
0 Comments
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर जिले में बेरिया रोड पर इंदिरा कालोनी के पास निर्माणाधीन लेवड़ा नदी पुल का निर्माण कार्य पूरा नहीं होने और लगातार बारिश के बाद क्षेत्र में बाढ़ की स्थिति बनने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। रविवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में आक्रोशित भाजपा नेताओं और कुछ लोगों ने लोक निर्माण विभाग के एएई राजीव गौड़ पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए उनके साथ अभद्रता की। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं एवं कुछ लोगों ने कथित रूप से एएई के मुंह पर मिट्टी पोत दी। इसके बाद मौके पर हंगामा बढ़ गया। पिछले करीब 36 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण क्षेत्र की नदियों और नहरों का जलस्तर बढ़ गया है। बेरिया रोड स्थित निर्माणाधीन लेवड़ा नदी पुल के आसपास भी बाढ़ का पानी फैल गया। पुल का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं होने के कारण पानी का निकास प्रभावित होने का आरोप लगाते हुए इंदिरा कालोनी समेत आसपास के क्षेत्र के लोगों में बाढ़ का पानी कालोनी में घुसने के बाद रोष बढ़ गया।
बाढ़ की स्थिति की जानकारी मिलने पर उपजिलाधिकारी ऋचा सिंह, तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान समेत प्रशासनिक अधिकारी और राजस्व कर्मी मौके पर पहुंचे। इस दौरान कालोनीवासियों ने जलभराव को लेकर अपनी नाराजगी जताई। मौके पर पूर्व भाजपा प्रत्याशी राजेश कुमार, भाजपा नेता गौरव शर्मा समेत अन्य लोग भी पहुंच गए। लोगों ने निर्माणाधीन पुल और जल निकासी की व्यवस्था को लेकर लोक निर्माण विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। इसी दौरान लोक निर्माण विभाग के एएई राजीव गौड़ भी मौके पर पहुंच गए। बाढ़ के पानी को लेकर आक्रोशित राजेश कुमार ने निर्माण कार्य में कथित लापरवाही का आरोप लगाते हुए एएई के साथ तीखी नोकझोंक की। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि कथित रूप से एएई के मुंह पर नीचे से उठाकर मिट्टी पोत दी गई। इसके बाद वहां हंगामा शुरू हो गया।
आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं और कुछ कालोनीवासियों ने लोक निर्माण विभाग के एएई के साथ हाथापाई कर दी। मौके पर मौजूद तहसीलदार, राजस्व कर्मियों और सुरक्षा कर्मियों ने किसी तरह हस्तक्षेप कर एएई को लोगों के बीच से बाहर निकाला। अचानक हुए घटनाक्रम से मौके पर अफरातफरी मच गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को शांत कराया और स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के संबंध में फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस को लिखित तहरीर दिए जाने की जानकारी नहीं है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। वहीं लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से पुल निर्माण और जल निकासी की स्थिति को लेकर जानकारी ली गई। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस स्तर पर मामले को लेकर निगाह रखी जा रही है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!