उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले बाजपुर में कांग्रेस हुई मजबूत, पांच सिख नेता हुए शामिल, तीन को मिली जिम्मेदारी
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Sep 11, 2026 22:29
•
151 views
•
0 Comments
उत्तराखंड में आगामी चुनावों को देखते हुए बाजपुर में भाजपा जहां सम्मेलन के जरिये संगठन को मजबूत करने में जुटी है, वहीं कांग्रेस भी स्थानीय स्तर पर संगठन विस्तार में जुटी है। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य की मौजूदगी में पांच सिख नेताओं ने अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। वहीं, तीन नेताओं को संगठन में नई जिम्मेदारी सौंपी गई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व दर्जा राज्य मंत्री हाजी कदीर अहमद को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की उत्तराखंड इकाई के अल्पसंख्यक विभाग का प्रदेश उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। वहीं, यशपाल आर्य की संस्तुति पर बलजीत सिंह को देहरादून जनपद का जिलाध्यक्ष और इरशाद अली को वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
वहीं कांग्रेस के शिविर कार्यालय में उत्तराखंड किसान कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष हरमिंदर सिंह ढिल्लों की अगुवाई में विभिन्न दलों को छोड़कर आए सुच्चा सिंह, दर्शन सिंह, सौहेल सिंह, हरदीप सिंह चड्ढा और गुलदीप सिंह चड्ढा अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हुए। पार्टी की सदस्यता लेने वाले नेताओं ने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा सभी वर्गों को साथ लेकर चलने की है। उन्होंने राहुल गांधी की नीतियों में विश्वास जताते हुए पार्टी को मजबूत करने की बात कही। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा लोगों को बांटने का काम कर रही है। दलितों, पिछड़ों और किसानों का अपमान किया जा रहा है। महंगाई चरम पर है और किसानों की जमीनें छीनकर पूंजीपति मित्रों को दी जा रही हैं। नवनियुक्त पदाधिकारियों को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बधाई दी। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने की बात कही।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!