देहरादून

देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर चलती बस के टायर में लगी आग, यात्रियों में मची चीख पुकार

सुरेन्द्र सिंह रावत By सुरेन्द्र सिंह रावत Aug 31, 2026 15:18 9 views 0 Comments
देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर चलती बस के टायर में लगी आग, यात्रियों में मची चीख पुकार

देहरादून से दिल्ली के लिए निकली उत्तराखंड परिवहन निगम की बस के टायर में आग लगने से सोमवार सुबह यात्रियों की सांसें अटक गईं। शाकुंभरी चौक के आगे देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर चलती बस के एक टायर से अचानक धुआं उठने लगा। देखते ही देखते टायर में आग लग गई। चालक ने तत्काल बस रोक दी और परिचालक के साथ यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते बस रुकने से बड़ा हादसा टल गया। बस संख्या यूके 07 पीए 5202 सोमवार सुबह करीब छह बजे आईएसबीटी देहरादून से दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। यात्रियों के अनुसार, बस शुरुआत से ही सामान्य गति से नहीं चल रही थी। करीब एक घंटे बाद, सात बजे के आसपास शाकुंभरी चौक से थोड़ा आगे एक्सप्रेसवे पर पहुंचते ही बस के टायर से धुआं निकलने लगा। यात्रियों को जैसे ही इसकी भनक लगी, बस में अफरा-तफरी मच गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोक दिया। इसके बाद यात्रियों को तत्काल नीचे उतारा गया। जांच करने पर एक टायर में आग लगी मिली। यात्रियों के बस से उतर जाने के कारण किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

बस में आग लगने की घटना ने रोडवेज की बसों की फिटनेस जांच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों का कहना है कि बस आईएसबीटी से निकलने के बाद से ही धीमी गति से चल रही थी। ऐसे में सवाल उठता है कि लंबी दूरी की यात्रा पर रवाना करने से पहले बस की तकनीकी जांच कितनी गंभीरता से की गई थी। टायर जैसी महत्वपूर्ण सुरक्षा व्यवस्था में खराबी का सड़क पर चलते समय सामने आना किसी बड़े हादसे का कारण बन सकता था। खासकर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार यातायात के बीच यदि चालक को समय पर धुआं दिखाई नहीं देता या बस समय रहते नहीं रुकती तो स्थिति भयावह हो सकती थी। हादसे के बाद यात्रियों को सड़क पर ही इंतजार करना पड़ा। बाद में देहरादून से दूसरी बस की व्यवस्था की गई और यात्रियों को उसमें बैठाकर दिल्ली रवाना किया गया। यात्रियों ने रोडवेज प्रबंधन से बसों की फिटनेस जांच को लेकर गंभीरता बरतने की मांग की है।

सुरेन्द्र सिंह रावत

सुरेन्द्र सिंह रावत

Verified Reporter

Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.

Enjoyed this article?

Share it with your friends and colleagues.

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment