देहरादून में अवैध रूप से रह रही बांग्लादेशी महिला गिरफ्तार, दिल्ली में एक व्यक्ति से किया था निकाह
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Aug 15, 2026 06:56
•
6 views
•
0 Comments
देहरादून में अवैध रूप से बार्डर पार कर 2017 में भारत आई बांग्लादेश की एक आरोपित महिला को स्वतंत्रता दिवस से पहले शुक्रवार को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपिता ने भारत में अवैध रूप से रहने के लिए दिल्ली में एक व्यक्ति से निकाह किया था। डेढ़ वर्ष पहले ही महिला अपने पति के साथ दिल्ली से देहरादून आ गई और बुटीक संचालित करने लगी। अब पुलिस आरोपिता की सहायता करने वालों पर भी कार्रवाई की तैयारी कर रही है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि शुक्रवार को पटेलनगर पुलिस और अभिसूचना इकाई की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि आईएसबीटी के पास पंजाबी कॉलोनी में किराये पर रह रही महिला के संदिग्ध प्रतीत हो रही है। इसके बाद टीम ने दस्तावेज मांगे तो वह नहीं दिखा पाई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपिता महिला हमीदा खान को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। पूछताछ में महिला ने बांग्लादेशी होना स्वीकार किया। इसके फोन से भी पुलिस को बांग्लादेशी आईडी और बांग्लादेशी पासपोर्ट की फोटो मिली। पूछताछ में आरोपिता ने बताया कि वह 2017 में असोम बार्डर से भारत आई और 2018 में उसने दिल्ली के रहने वाले अकरम से निकाह कर लिया। डेढ़ वर्ष पहले वह अपने पति के साथ देहरादून आ गई और चांचक पुल के पास एक बुटीक खोला। देहरादून आने के बाद वह पति के साथ अलग-अलग स्थानों पर किराये पर रही। देहरादून में अवैध रूप से रह रहे 21 बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस अब तक हिरासत में ले चुकी है। पूर्व में फर्जी दस्तावेज बनाकर अवैध रूप से रह रहे 11 बांग्लादेशी नागरिकों के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज कर जेल भेजा जा चुका है। इसके अलावा 10 बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस डिपोर्ट भी कर चुकी है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!