उधम सिंह नगर के जसपुर में बैडमिंटन विवाद बना जानलेवा, 12 साल के बच्चे की चाकू से हत्या
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Sep 01, 2026 07:01
•
14 views
•
0 Comments
जसपुर बाजार चौकी क्षेत्र के मोहल्ला लकड़ी मंडी में बच्चों के बीच बैडमिंटन खेलने को लेकर हुए मामूली विवाद में एक नाबालिग ने दूसरे के सीने में चाकू घोंप दिया। गंभीर रूप से घायल नाबालिग ने एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। वहीं आरोपी नाबालिग व उसका परिवार घटना के बाद से ही फरार है। जानकारी के अनुसार, सोमवार की शाम मोहल्ले निवासी तसलीम का छोटा बेटा मोहम्मद ईशान (12) मोहल्ले के ही रहने वाले आरोपित बच्चे के साथ बैडमिंटन खेल रहा था। इस दौरान बैडमिंटन खेलने के दौरान दोनों में किसी बात को लेकर विवाद हुआ, तो गुस्से में आरोपी बच्चे ने ईशान के सीने पर चाकू घोंप दिया। घायल ईशान सीने से निकल रहे खुन का रोकने की कोशिश करता हुआ एक दुकान के पास बैठ गया। तभी वहां उसका बड़ा भाई फैजान आया और सीने से बह रहे खून को देख शोर मचा दिया। मौके पर परिजन व मोहल्ले के लोग इक्ट्ठा हुए और बाइक से उसे सिंघल अस्पताल ले गए। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे काशीपुर के एक निजी अस्पताल में रेफर कर दिया गया।
यहां उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जिसके बाद परिजन शव को घर ले आए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर जसपुर कोतवाली राजेश पांडे टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए काशीपुर मोर्चरी भिजवाया। रात को शव का पोस्टमार्टम कराकर शव स्वजन को सौंप दिया गया। घटना की जानकारी मिलने पर जसपुर विधायक आदेश चौहान भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे और घटना पर गहरा दुख जताया। सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि हमले का आरोपी बच्चा भी नाबालिग है। घटना के बाद से वह और उसका चाचा का परिवार फरार है। पुलिस उसके अन्य परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही घटना की परिस्थितियों की गहनता से जांच कर रही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस को तहरीर नहीं मिल सकी थी। मोहल्ला निवासियों के अनुसार आरोपी बच्चे के पिता का तीन साल पहले कैंसर की बीमारी चलते निधन हो गया था। तब से उसकी व उसकी मां की जिम्मेदारी उसके चाचा के परिवार पर है। बताया कि पिता की मौत के बाद से ही आरोपित बच्चा स्कूल नहीं जाता था। वह अधिक्तर आक्रोशित ही रहता था। मृतक के भाई ने बताया कि ईशान कक्षा सात में पढता था। पढाई में काफी होशियार था। परिवार के छोटा होने के चलते वह सबका लाडला था। अप्रिय घटना ने परिवार वालों में कोहराम मचा हुआ है। उसका बड़ा भाई फैजान भी पढाई करता है। वहीं पिता तसलीम की हार्डवेयर की दुकान है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!