पिथौरागढ़ में गणाई गंगोली क्षेत्र में आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही, वन दरोगा बाल-बाल बचे

पिथौरागढ़ में गणाई गंगोली क्षेत्र में आए भीषण आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई है। सोमवार की देर सांय को वन विभाग की तपोवन स्थित चौकी में तूफान का ऐसा कहर बरपा कि बैरक की छत पूरी तरह उड़ गई। हादसे के वक्त वन दरोगा कमरे के भीतर ही मौजूद थे, जो मलबे की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वन दरोगा शैलेश बम जिस समय कमरे में कार्य कर रहे थे, तभी अचानक आए तेज अंधड़ से छत की चादरें हवा में उड़ गईं। देखते ही देखते दीवार के पत्थर भीतर गिरने लगे।

- Advertisement -

जान बचाने के लिए वन दरोगा खिड़की को पकड़कर दीवार के सहारे खड़े हो गए। इस दौरान मलबे की चपेट में आने से कार्यालय का लैपटॉप और अन्य सरकारी सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे की सूचना मिलते ही चौकीदार गणेश सिंह, कमल सिंह और वन रक्षक आर.एस. राणा तत्काल मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान चलाया। वन रक्षक राणा ने बताया कि सुरक्षित बचे वन दरोगा और अन्य सामान को अस्थायी रूप से तपोवन स्टेशन में शिफ्ट कर दिया गया है। घटना की लिखित सूचना तहसील प्रशासन और वन विभाग के उच्चाधिकारियों को दे दी गई है। तूफान से हुए इस नुकसान के बाद वन चौकी के भवन की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version