रुड़की में रविदास शोभायात्रा के भंडारे में खूनी संघर्ष, दो की मौत, तीन लोग घायल

रविदास शोभायात्रा के भंडारा कार्यक्रम में रविवार को युवकों के दो गुटों में झगड़ा हो गया। इस बीच दोनों गुटों के युवकों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से आनंद (28) की हत्या हो गई। वहीं देर रात दूसरे पक्ष के मांगेराम (45) की लाश भी मिली। उसके शरीर पर पीटने के निशान हैं। तीन अन्य विकास, योगेंद्र और गगन घायल हो गए। वारदात के बाद से गांव में तनाव बना हुआ है और पुलिस बल तैनात है।

- Advertisement -

भगवानपुर के बिनारसी गांव में रविवार को रविदास शोभायात्रा निकाली गई, जिसका मंदिर में समापन हुआ। इसके बाद मंदिर परिसर के समीप भंडारे का आयोजन किया जा रहा था। इसके लिए शाम पांच बजे वहां पर काफी भीड़ इकट्ठा थी। तभी युवकों के दो गुटों में पुरानी रंजिश को लेकर कहासुनी हो गई। इस बीच दोनों गुट के युवकों में गोलियां चल गईं। जिससे पहले पक्ष के आनंद (28) निवासी बिनारसी के सीने में लगी और माैके पर ही मौत हो गई। वारदात की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए शव लेने की कोशिश की तो पीड़ित परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध जताया।

- Advertisement -

साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी न होने तक पोस्टमार्टम से इनकार कर दिया और सड़क पर ही शव रखकर धरना शुरू कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों को समझा-बुझाकर शव को देर शाम पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि गांव में भारी पुलिस फोर्स तैनात की गई है। वहीं छर्रे लगने से घायल विकास, गगन और योगेंद्र को सिविल अस्पताल में भर्ती हैं। देर रात गांव में ही खेत में दूसरे पक्ष के मांगेराम (45) की लाश मिली है। पीट-पीटकर उसकी हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

- Advertisement -

दो पक्षों की रंजिश में दो लोगों की हत्या होने के बाद से गांव में तनाव की स्थिति है। जिलेभर से पुलिस को गांव में भेजा गया। झबरेड़ा, रुड़की, कलियर, भगवानपुर समेत अन्य थाने और कोतवाली की पुलिस ने घटनास्थल, गांव के मुख्य चौक चौराहे के अलावा पीड़ित परिवार के घर के आसपास डेरा डाल लिया है। हत्याओं के बाद दोनों पक्षों में तनाव की स्थिति है। एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के घरों के बाहर खड़े करीब दस दोपहिया वाहनों को भी निशाना बनाया, इससे लोग दहशत में है। गांव के लोगों की गतिविधियों पर भी पुलिस और खुफिया विभाग की नजर बनी हुई है। घटनास्थल के पास घरों में तोड़फोड़ के बाद एक जगह पर आगजनी की भी कोशिश की गई। बताया गया कि एक ग्रामीण के भूसे के ढेर में दूसरे पक्ष के लोगों ने आग लगाने की कोशिश की, हालांकि लोगों ने उपद्रवियों पर काबू करने की कोशिश की और उन्हें वहां से भगा दिया।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version