मौसम विभाग की ओर से चार व पांच मई को खराब मौसम के दृष्टिगत जारी आरेंज अलर्ट को लेकर राज्य में सतर्कता बढ़ा दी गई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) ने सभी जिलों को अलर्ट जारी करते हुए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। मौसम विभाग ने देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, पौड़ी, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर में चार और पांच मई के लिए आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि, तेज से अति तेज बारिश और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
वहीं, पांच मई को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भी आरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा दो से छह मई तक राज्य के अन्य जिलों में यलो अलर्ट लागू रहेगा, जिसमें गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं की आशंका जताई गई है। सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि सभी जनपदों को अत्यधिक सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। पर्वतीय क्षेत्रों में ट्रेकिंग गतिविधियों पर नजर रखने, संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और राहत-बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखने को कहा गया है। साथ ही लोक निर्माण विभाग, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और बीआरओ सहित संबंधित एजेंसियों को मार्ग अवरुद्ध होने पर तत्काल बहाली के निर्देश दिए गए हैं। संचार माध्यम सक्रिय रखने, ग्राम स्तर तक सतर्कता बरतने और विद्यालयों में विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा गया है।


