देहरादून के चकराता क्षेत्र में फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर विवाहिता महिला को प्रेमजाल में फंसाने और धर्म परिवर्तन करने के मामले में पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार किया है। युवक पर मारपीट, जातिसूचक शब्दों के प्रयोग और जान से मारने की धमकी देने के गंभीर आरोप भी है। कोतवाल चकराता बीएल भारती ने बताया कि शुक्रवार देर शाम को आरोपी को स्थानीय लोगों की मदद से क्यावा गांव से एक छानी से गिरफ्तार किया गया। आरोपी की असली पहचान फरमार पुत्र इरफान निवासी धर्मपुर सरावगी गांव थाना देवबंद जिला सहारनपुर उम्र 27 वर्ष के रूप में हुई। कोतवाल बीएल भारती ने बताया कि कोतवाली क्षेत्र के एक व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर दी है। तहरीर में बताया कि उसकी पत्नी से फरमान पुत्र इरफान ने फर्जी इंस्टाग्राम आईडी बनाकर दोस्ती की। बाद में उसने अपना असली नाम फरमान बताया और महिला को इस्लाम धर्म अपनाने को कहा और धर्म परिवर्तन करा दिया।
आरोप लगाया कि 21 मई को उसकी पत्नी अपने मायके आई हुई थी। जब वह वहां पहुंचा तो उसने आरोपी युवक को कमरे के अंदर पत्नी के साथ देखा। दरवाजा खटखटाने पर आरोपी कथित रूप से रोशनदान से भागकर गोशाला में छिप गया। आरोप है कि बाद में उसने मारपीट की, गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। तहरीर में यह भी आरोप लगाया कि गांव के सार्वजनिक स्थान पर आरोपी फरमान ने जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया। कोतवाल ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम, अनुसूचित जाति व अनुसूचित जनजाति अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि आरोपी फरमान ने खुद को देवबंद और विकासनगर से जुड़े लोगों का करीबी बताते हुए सरेआम धमकियां दीं। तहरीर में आरोप लगाया कि आरोपी अभी तक कई लड़कियों को फंसाने और उनकी फोटो-वीडियो अन्य लोगों को भेज चुका है। पुलिस आरोपी के देवबंद कनेक्शन को लेकर भी जांच कर रही है।
