सीमांत खटीमा नगर में शुक्रवार बीती रात रोडवेज बस स्टेशन में दो गुटों में खूनी संघर्ष में एक युवक तुषार शर्मा (24) की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर घायल हो गए. बीती रात दस बजे के लगभग खटीमा रोडवेज स्टेशन में चाकूबाजी की इस घटना से लोगों में हड़कंप मच गया, हमलावर सभी युवक घटना को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए, वहीं घटना के बाद खटीमा कोतवाली पुलिस हमलावरों की तलाश में जुट चुकी है, दोनों घायल युवक सलमान और अभय को प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, वहीं सलमान की हालत नाजुक बनी हुई है, घटना के पीछे युवकों की आपसी रंजिश बताई जा रही है।
उधम सिंह नगर जिले के खटीमा में बीती देर रात दो गुटों में खूनी संघर्ष में एक युवक की मौत से सनसनी फैल गई, खटीमा टनकपुर रोड पर रोडवेज बस अड्डे के पास बीती देर रात दो गुटों की रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई, इस दौरान हुई चाकूबाजी में एक स्थानीय युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए, चाकूबाजी से रोडवेज परिसर में अफरातफरी मच गई, मौका पाकर हमलावर सभी युवक फरार हो गए, स्थानीय पुलिस के अनुसार रात करीब 10 बजे रोडवेज परिसर के पास युवकों के दो गुट आमने-सामने आ गए।
रंजिश के चलते उनमें मारपीट शुरू हो गई, इस बीच युवकों ने एक-दूसरे पर चाकू से हमला कर दिया, घटना में 24 वर्षीय तुषार शर्मा पुत्र मनोज शर्मा, 23 वर्षीय सलमान पुत्र शब्बू निवासी पकड़िया और 21 वर्षीय अभय पुत्र कन्हैया लाल गंभीर रूप से घायल हो गए, मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायलों को उपजिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां पर इलाज के दौरान वार्ड-10 (रोडवेज बस स्टेशन के पीछे) निवासी तुषार ने दम तोड़ दिया।
इमरजेंसी में तैनात डॉ0 गरिमा ने प्राथमिक उपचार के बाद सलमान और अभय को हायर सेंटर रेफर कर दिया, जिसमें जानकारी अनुसार सलमान की हालत नाजुक बनी हुई है, कोतवाल खटीमा विजेंद्र शाह ने बताया कि खटीमा रोडवेज बस स्टेशन के पास हुई चाकूबाजी में एक युवक की मौत हुई है, घायलों के बयान ले लिए गए हैं, मृतक तुषार पीलीभीत रोड स्थित एक ट्रांसपोर्ट में कार्यरत था. टीमें हमलावरों की तलाश कर रही है, पुलिस पूरे मामले के जांच कर रही है, वहीं हमलावरों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
