जनपद के जंगलों में आग लगाने के मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है, वन विभाग सिविल एवं सोयम की टीम ने कल्जीखाल क्षेत्र में दोनों लोगों को रंगे हाथ धरा है, वन विभाग ने मंगलवार को दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है, आज बुधवार को दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया, डीएफओ सिविल एवं सोयम पवन नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि इन दिनों जिले के कई क्षेत्रों में जंगलों में आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं, विभाग की टीमें लगातार प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास कर रही हैं, उन्होंने कहा कि वन विभाग दिन-रात जंगलों की निगरानी कर रहा है, जिससे आग की घटनाओं को रोका जा सके।
डीएफओ ने बताया कल्जीखाल क्षेत्र में गश्त के दौरान दो लोगों को जंगल में आग लगाते हुए पकड़ा गया, पूछताछ के बाद उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की गई और न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया है, उन्होंने कहा जंगलों में लगने वाली आग से बहुमूल्य वन संपदा नष्ट हो रही है, इसके अलावा वन्य जीवों का प्राकृतिक आवास भी प्रभावित हो रहा है, उन्होंने कहा कई बार आग की वजह से जंगली जानवर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आने लगते हैं, जिससे मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा भी बढ़ जाता है, वन विभाग ने आम लोगों से अपील की है कि जंगलों में आग लगने की घटनाओं को रोकने में विभाग का सहयोग करें, यदि कहीं आग लगती दिखाई दे या कोई व्यक्ति जंगल में आग लगाता नजर आए तो इसकी सूचना तुरंत वन विभाग या प्रशासन को दें।
ताकि समय रहते आग पर काबू पाया जा सके, जनपद में जंगलों में आग लगने की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में रोजाना आग लगने से वन संपदा को भारी नुकसान पहुंच रहा है, जंगलों से उठने वाला धुआं न केवल पर्यावरण को प्रदूषित कर रहा है, बल्कि स्थानीय लोगों के स्वास्थ्य पर भी गंभीर असर डाल रहा है.धुएं के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी हो रही है, वहीं, आंखों में जलन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें भी सामने आ रही हैं।



