देहरादून के विकासनगर कोतवाली विकासनगर अंतर्गत गौतम ऋषि की तपस्थली गंगभेवा बावड़ी परिसर में लगे बैसाखी मेले में बड़े झूले की एक ट्राली के नट बोल्ट निकलने पर तीन लोगों को चोटें आयीं। घटना में प्रथम दृष्टया झूला संचालक की लापरवाही सामने आने पर एसडीएम विनोद कुमार ने सभी झूले बंद करा दिए हैं। जिसके चलते झूला संचालकों ने अपना सामान समेटना शुरू कर दिया है।गंगभेवा बावड़ी में 13 अप्रैल को बैसाखी मेला शुरू हुआ था। जिसमें अनेक प्रकार के झूले लगे हैं। आयोजक समिति ने झूले आदि की विधिवत रुप से अनुमति प्राप्त की गई थी। झूले की एक ट्राली का पेंच निकल गया था। जिस कारण फरमान 20 पुत्र गुफरान निवासी खुशहालपुर व उसके परिवार की दो महिलाएं ट्राली के साथ लटक गयी, जिससे चीख पुकार मच गयी और झूला नीचे आने पर तीनों नीचे गिरने पर चोटें आयी।
दो महिलाओं की हल्की चोटें आयी। झूला संचालक ने तीनों घायलों को उपचार के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया। जानकारी करने पर चोटिल पुरुष का नाम फरमान पुत्र गुफरान निवासी खुशहालपुर ज्ञात हुआ है। कोतवाल राजीव रौथाण के अनुसार पीडि़त पक्ष द्वारा कोई भी शिकायत अभी तक दर्ज नहीं करायी गयी है। शिकायत मिलने पर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। सुरक्षा की दृष्टि से प्रथम दृष्टया झूला संचालक की लापरवाही परिलक्षित होने पर उपजिलाधिकारी विकासनगर विनोद कुमार के आदेशानुसार पुलिस द्वारा सभी झूले बंद करवाए गए हैं।


