तुंगनाथ-चंद्रशिला ट्रैक मार्ग पर अचानक आए बर्फीले तूफान और खराब मौसम के बीच फंसे करीब 30 ट्रैकर्स को पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमों ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित चोपता पहुंचाया। प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को सायंकाल लगभग 5:30 बजे 112 नंबर पर सूचना मिली कि 25 से 30 ट्रैकर्स चंद्रशिला मार्ग पर तेज तूफान, बर्फबारी और खराब दृश्यता के कारण फंस गए हैं। उनकी जान पर खतरा बन गया था।सूचना मिलते ही जिला प्रशासन के समन्वय में कोतवाली ऊखीमठ, चौकी चोपता, एसडीआरएफ, जिला आपदा प्रबंधन और वन विभाग की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना की गईं।
दुर्गम पहाड़ी रास्तों और अत्यंत खराब मौसम के बावजूद टीमों ने हिम्मत और सूझबूझ का परिचय देते हुए ट्रैकर्स की लोकेशन का पता लगाया और उनसे संपर्क स्थापित किया। रेस्क्यू टीमों ने तेज हवाओं और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के बीच सभी ट्रैकर्स को सुरक्षित बाहर निकाला और चोपता तक पहुंचाया। राहत की बात यह रही कि इस पूरे अभियान में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रशासन की तत्परता और संयुक्त प्रयासों से यह रेस्क्यू ऑपरेशन सफल रहा। स्थानीय स्तर पर इस साहसिक कार्य की सराहना की जा रही है। साथ ही ट्रैकर्स से अपील की गई है कि पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा के दौरान मौसम की जानकारी लेकर ही आगे बढ़ें और सुरक्षा नियमों का पालन करें।
