अल्मोड़ा जिला मुख्यालय में इन दिनों पेट्रोल की किल्लत के चलते आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ईंधन उपलब्ध न होने से वाहन चालकों की दिक्कतें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मुख्यालय के पाण्डेयखोला स्थित एक पेट्रोल पंप पर पेट्रोल मिलने की सूचना के बाद बड़ी संख्या में लोग अपने वाहनों के साथ पहुंच गए, जिससे वहां लंबी कतारें लग गईं। स्थिति यह हो गई कि सुबह से ही वाहन चालकों की भीड़ उमड़ने लगी और देखते ही देखते सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी लाइनें लगने से यातायात प्रभावित हुआ और राहगीरों को भी आवाजाही में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि अचानक पेट्रोल की कमी से रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और छात्रों को समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचने में मुश्किलें आ रही हैं। वहीं, प्रशासन की ओर से अभी तक स्थिति को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई है। लोगों ने मांग की है कि जल्द से जल्द पेट्रोल की आपूर्ति सुचारू की जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके और शहर में यातायात व्यवस्था सामान्य हो सके। आज सुबह जो पांडेखोला तेल बांटना शुरू किया गया तो भारी संख्या में लोग पहुंचने लगे, जिससे कि पांडेखोला में भारी जाम लग गया जिसमें स्कूल के बच्चे जो गाड़ियों के द्वारा स्कूल जाते हैं वह भी गाड़ियों से उतरकर पैदल ही स्कूल चले गए, पैसेंजर गाड़ियों में पैसेंजरों घंटों इंतजार करते रहे मगर जाम से निजात नहीं मिली।


