उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शहीद कर्नल के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक गैस एजेंसी का मालिक था। घटना को स्कूटर सवार दो बदमाशों ने अंजाम दिया। मामले में एक अहम गवाही सामने भी सामने आई है। एजेंसी के कर्मचारी ने खुलासा किया कि मां ने सुबह पूछा था कि उनका बेटा सुबह कहां जाता है? मृतक की पत्नी ने भी पुलिस को दी तहरीर में अपनी सास और इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष समेत चार लोगों पर शक जताया है। पुलिस ने चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इंदिरानगर निवासी अर्जुन शर्मा (40 वर्ष), जीएमएस रोड स्थित अमरदीप गैस एजेंसी के संचालक थे। वह वर्ष 1986 में ड्यूटी के दौरान मेरठ में शहीद कर्नल आरसी शर्मा के पुत्र थे। उनकी शहादत के बाद उनकी पत्नी बीना शर्मा को गैस एजेंसी आवंटित हुई थी, जिसका संचालन अर्जुन कर रहे थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े दस बजे अर्जुन, परेड ग्राउंड में टेनिस खेलकर घर जाने को निकले थे। इससे पहले उन्होंने तिब्बती मार्केट के पास से फल लिए और अपनी कार की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान एक स्कूटर पर दो लोग उनके पास पहुंचे। इन में से एक ने तमंचा निकाला और अर्जुन के सीने से सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही अर्जुन सड़क पर गिर गए और आरोपी स्कूटर लेकर फरार हो गए।
घटना की सूचना पाकर डालनवाला कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। अर्जुन को दून अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी अभिलाषा की तहरीर पर अर्जुन की मां बीना शर्मा समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अन्य आरोपियों में बीना के परिचित विनोद उनियाल, उनकी पत्नी संगीता उनियाल और एसके मैमोरियल अस्पताल के डॉ.अजय खन्ना शामिल हैं। इनमें डॉ.खन्ना आईएमए के प्रदेश अध्यक्ष हैं। अर्जुन शर्मा हत्याकांड में मौके पर पहुंचे अमरदीप गैस एजेंसी के एक कर्मचारी ने जो खुलासा किया, वह सीधा अर्जुन की मां और उनके करीबियों की ओर इशारा कर रहा है। कर्मचारी के अनुसार हत्या से ठीक एक दिन पहले अर्जुन की मां बीना शर्मा ने एजेंसी में पूछा था कि अर्जुन आजकल सुबह खेलने के लिए कहां जाता है। पूछने के अगले ही दिन हत्या कर दी गई।
पुलिस को अंदेशा है कि यह महज एक मां की सामान्य जिज्ञासा नहीं, बल्कि पेशेवर अपराधियों की तरह की गई रेकी थी। माना जा रहा है कि मां के जरिए केस में आरोपी बने विनोद उनियाल और अन्य लोगों ने अर्जुन की सटीक लोकेशन और टाइमिंग का पता लगाया। जैसे ही शूटरों को यह पुख्ता जानकारी मिली कि अर्जुन सुबह 10:30 बजे के आसपास तिब्बती मार्केट के पास मौजूद रहता है, अगले ही दिन वारदात को अंजाम दे दिया गया।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि गैस एजेंसी के कर्मचारी के इस बयान को बेहद गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा पुलिस इस एंगल पर जांच कर रही है कि क्या अर्जुन की गतिविधियों की जानकारी जानबूझकर जुटाई गई ताकि उसे आसानी से टार्गेट किया जा सके। मां और अन्य आरोपियों के कॉल डिटेल और आपसी संवाद की कड़ियों को जोड़ा जा रहा है। जिससे मामले का खुलासा किया सके। पत्नी ने तहरीर में बताया कि बीना शर्मा का अन्य तीन आरोपियों के साथ करोड़ों का लेनदेन था। अर्जुन इसे लेकर विरोध जताते थे। मां-बेटे के बीच तनातनी का मामला कोर्ट तक पहुंचा था। बीना ने अर्जुन से खतरा बताते हुए कोर्ट के आदेश पर सुरक्षा भी ली हुई थी।
एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि मृतक की पत्नी अभिलाषा शर्मा की तहरीर पर अर्जुन की मां बीना शर्मा, बीना के परिचित विनोद उनियाल, उनकी पत्नी संगीता उनियाल और एसके मैमोरियल अस्पताल के डॉ. अजय खन्ना के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। डॉ. खन्ना इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष हैं। पत्नी ने तहरीर में बताया कि उनकी सास बीना शर्मा का इन तीनों के साथ करोड़ों रुपये का लेनदेन था। अर्जुन शर्मा के इसका विरोध करने थे। मां-बेटे का यह विरोध कोर्ट तक पहुंचा।
