हरिद्वार जिले के लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर के निहंदपुर सुठारी गांव में मोबाइल गेम की लत एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गई, युवक ने कथित तौर पर गेम में हजारों रुपए हारने के बाद खौफनाक कदम उठा लिया, जिससे उसकी तबीयत खराब हो गई. ऐसे में आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई, इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जानकारी के मुताबिक, निहंदपुर सुठारी निवासी शोएब पुत्र जुल्फिकार (उम्र 20 वर्ष) का सुल्तानपुर में जूतों का शोरूम है, परिजनों ने उसे दुकान के लिए सामान खरीदने को करीब 40 हजार रुपए दिए थे, बताया जा रहा है कि युवक मोबाइल में गेम खेलने का आदी था और उसने पूरी रकम गेम में गंवा दी, परिजनों के डर से युवक ने मंगलवार को आत्मघाती कदम उठा लिया।
ऐसे में युवक की हालत बिगड़ने पर परिजन उसे तत्काल में नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां बुधवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई, घटना की सूचना मिलने पर सुल्तानपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की अस्पताल भेज दिया। सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र नेगी ने बताया कि निहंदपुर गांव में एक युवक के आत्मघाती कदम उठाने की सूचना मिली है, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई, मृतक की पहचान शोएब पुत्र जुल्फिकार निवासी निहदपुर सुठारी उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है, पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को साथ दिया जाएगा। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सभी अपने बच्चों का ध्यान रखें कि वो मोबाइल में कौन सा गेम खेल रहा है, कई गेम पहले फ्रीम खिलाते हैं, फिर टास्क पूरा करने के लिए रुपए मांगते हैं, जिसके चलते वो पैसे गंवा बैठते हैं, इसके अलावा कई ऑनलाइन जुआ जैसे भी गेम होते हैं, जिसे खेलने से बचना चाहिए, इसके अलावा बताया कि आत्महत्या कोई समाधान नहीं है, पैसे की भरपाई की जा सकती है, लेकिन जिंदगी एक ही बार मिलती है, ऐसे में ऐसे ख्यालों से दूर रहें।


