हल्द्वानी के शहर के तिकोनिया चौराहे पर स्थित एक वाइन शॉप में सोमवार देर रात भीषण आग लगने से करोड़ों रुपये का नुकसान हो गया। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी दुकान व ऊपरी मंजिल में स्थित गोदाम उसकी चपेट में आ गया। आग की लपटें और धुआं देखकर सड़क से गुजर रहे एक व्यक्ति ने रात दो बजे दमकल विभाग को सूचना दी। सुबह साढ़े चार बजे तक आग पर काबू पाया गया। पुलिस के अनुसार मल्ला गोरखपुर निवासी राजेंद्र पाल की तिकोनिया में वाइन शॉप है । शार्ट सर्किट के चलते देर रात करीब दो बजे अचानक दुकान में आग लग गई। इससे दुकान में भारी मात्रा में रखे शराब के स्टाक में आग लग गई , जिसके चलते आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया।
सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब ढाई घंटे तक लगातार मशक्कत कर आग बुझाने का प्रयास किया। सुबह लगभग साढ़े चार बजे आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। प्रारंभिक आकलन के अनुसार घटना में करीब आठ करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। आग की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि आसपास स्थित कई दुकानें भी इसकी जद में आने वाली थीं, लेकिन दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया। आग को समय रहते नियंत्रित कर लिया गया, जिससे आसपास की दुकानें जलने से बाल-बाल बच गईं। घटना की सूचना पर पुलिस के साथ ही आबकारी टीम भी ने घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
दमकल विभाग के एसएसओ एमपी सिंह ने बताया कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। कहा कि अगर समय रहते सूचना मिल जाती है काफी हद तक आग पर काबू पाया जा सकता था। टीम ने आसपास की दुकानों को जलने से बचा लिया है।



