हरिद्वार जिले में संचालित मदरसों में खामियां सामने आई है। अवैध रूप से चल रहे चल रहे 131 मदरसों की जांच के बाद छात्रों की संख्या में गिरावट देखी जा रही है। यहां तमाम मदरसों में पंजीकृत करीब 12 हजार छात्र कम हो गए हैं। कुछ मदरसों ऐसे हैं जिन्होंने प्रशासन को लिखकर दे दिया है कि वे मदरसों का संचालन बंद कर रहे हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि जनपद में अवैध मदरसों और मदरसों में फर्जी छात्र संख्या की शिकायत पर जांच की जा रही है। इसकी हर दिन रिपोर्ट ली जा रही है। अब 31 हजार में से 19 हजार बच्चे मदरसों में पढ़ रहे हैं।
छात्रों की संख्या में आई गिरावट के बाद शुक्रवार को डीएम मयूर दीक्षित ने इस मामले की गहनता से जांच और नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए। हाल ही में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने जनपद के मदरसों की जांच की थी। जनपद में संचालित 131 मदरसों में से 23 मदरसों में अनियमितता मिलने पर उनके मिड डे मील और अन्य फंड पर रोक लगा दी गई थी। 10 मदरसा संचालकों ने अपने मदरसे बंद करने का आवेदन भी शिक्षा विभाग में दिया। इन मदरसों में छात्रों की संख्या बेहद कम धी और मिड डे मील का पूरा भुगतान लिया जा रहा था। अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही इन सभी मदरसों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा सकती है। आशंका है कि अचानक घटे 12 हजार छात्र इन्हीं मदरसों में से भी हो सकते हैं।


