ऋषिकेश-चंबा राष्ट्रीय राजमार्ग पर नरेंद्रनगर क्षेत्र के बगड़धार में भूस्खलन के चलते पहाड़ी से अचानक मलबा आ गया, जिससे राजमार्ग पर यातायात बाधित हो गया। बीआरओ ने जेसीबी मशीनों के माध्यम से करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मार्ग को वन-वे आवागमन के लिए सुचारू किया। बीते मंगलवार रात से जारी वर्षा के कारण बुधवार को सुबह करीब 11 बजे थाना नरेंद्रनगर क्षेत्र में बगड़धार-भूस्खलन जोन से भारी मात्रा में मलबा सड़क पर आ गया, जिससे मार्ग पर वाहन भूस्खलन जोन के दोनों ओर फंस गए और यात्रियों को बारिश के दौरान भी सड़क पर खड़े रहकर मार्ग खुलने का इंतजार करना पड़ा।
घटना की सूचना मिलते ही थाना नरेंद्रनगर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही संबंधित विभाग बीआरओ व आपदा प्रबंधन टीम के साथ मार्ग को शीघ्र सुचारू करने के लिए आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ की। दोपहर करीब दो बजे मार्ग को वन-वे आवागमन के लिए खोला जा सका। एसएसपी श्वेता चौबे ने आम जनता से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें और वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें। मौसम व मार्ग की स्थिति की जानकारी लेकर ही यात्रा करें।
