उत्तराखंड के सितारगंज में विदेश भेजने के नाम पर बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। नानकमत्ता क्षेत्र के एक युवक से इंग्लैंड में नौकरी दिलाने का झांसा देकर करीब 24 लाख रुपये ठग लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। नानकमत्ता कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जोगीठेर नगला प्रतापपुर नंबर चार निवासी मंदीप सिंह ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब छह महीने पहले उसकी मुलाकात पंजाब के जालंधर निवासी अनिल कुमार औजला से हुई थी। आरोपी ने खुद को विदेश भेजने का काम करने वाला बताते हुए इंग्लैंड में नौकरी और वीजा दिलाने का भरोसा दिया।
पीड़ित के मुताबिक वह आरोपी की बातों में आ गया और अपना पासपोर्ट उसे सौंप दिया। आरोप है कि अनिल कुमार ने अपने साथी हैदराबाद निवासी मो. अबरार अहमद के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज और प्रमाण पत्र तैयार किए। बताया गया कि “जयंत रेडी इंटरनेशनल टाई क्वांडो अकेडमी हैदराबाद के नाम से नकली कागजात बनाकर वीजा प्रक्रिया पूरी करने का दावा किया गया। मंदीप सिंह ने बताया कि उससे और उसके पिता से सादे कागजों पर हस्ताक्षर करवाकर व्हाट्सएप पर मंगवाए गए। बाद में इन्हीं दस्तावेजों के आधार पर वीजा के लिए आवेदन किया गया और उसे इंटरव्यू के लिए हैदराबाद बुलाया गया।
पीड़ित के अनुसार वहां आरोपितों ने उसे एक बंद लिफाफा दिया और बिना खोले बीएफएस कार्यालय में जमा करने को कहा। कुछ दिन बाद आरोपितों ने वीजा और हवाई टिकट की तस्वीरें भेजकर पैसों की मांग शुरू कर दी। युवक ने बताया कि उसने अलग-अलग खातों में यूपीआई, आरटीजीएस और मोबाइल ट्रांसफर के जरिए करीब 17 लाख रुपये भेजे। इसके अलावा नवंबर 2024 में दिल्ली में सात लाख रुपये नकद भी दिए गए। आरोप है कि आरोपित कई बार उसे दिल्ली और हैदराबाद एयरपोर्ट तक ले गए, लेकिन हर बार वीजा में दिक्कत बताकर वापस भेज दिया। लंबे समय तक टालमटोल के बाद युवक को ठगी का एहसास हुआ।



