नैनीताल में उत्तर प्रदेश के पर्यटकों ने नशे में बीच सड़क जमकर हंगामा किया। पार्किंग में वाहन खड़े करने को लेकर कर्मियों से विवाद के बाद पर्यटकों ने तेज रफ्तार वाहन दौड़ाकर कई दो पहिया वाहन क्षतिग्रस्त कर दिए। पर्यटकों के वाहन की चपेट में आकर एक बुजुर्ग भी चोटिल हो गए। पार्किंग कर्मियों ने पीछा कर पर्यटकों को पकड़ पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने वाहन सीज करने के साथ ही तीन के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की है। गुरुवार रात तल्लीताल फांसी गधेरा क्षेत्र में यूपी नंबर के वाहन से पहुंचे पर्यटकों से कर्मियों का विवाद हो गया। नशे में धुत पर्यटकों ने पार्किंग कर्मियों से मारपीट कर वाहन डीएसबी परिसर जाने वाले मार्ग पर दौड़ा दिया।
इस बीच सड़क किनारे खड़े कई दो पहिया वाहनों को क्षतिग्रस्त कर पर्यटक हास्टल के समीप तक पहुंच गए। जहां बाहर टहल रहे एक बुजुर्ग भी वाहन की चपेट में आकर मामूली रूप से चोटिल हो गए। वहीं वाहन का पीछा कर रहे पार्किंग कर्मियों व आसपास के लोगों ने पर्यटकों को पकड़ तल्लीताल पुलिस के हवाले कर दिया।कोतवाल हरपाल सिंह ने बताया कि मेडिकल परीक्षण में वाहन चालक सिविल लाइंस रामपुर निवासी हार्दिक सक्सेना के नशे में होने की पुष्टि हुई है। वाहन सीज करने के साथ ही उसके साथ मौजूद रामपुर निवासी शौर्य गुप्ता, रोहित कश्यप और सार्थक सक्सेना के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की गई है।


