हरिद्वार में नगर निगम की कार्यशैली से नाराज कांग्रेस पार्षदों ने नगर निगम के स्ट्रीट लाइट कार्यालय पर ताला जड़ दिया, साथ ही कर्मचारियों के अंदर बंद करके गेट पर जमकर हंगामा किया, पार्षदों के विरोध में स्ट्रीट लाइट का कार्य करने वाले कर्मचारी उतर आए, सभी ने गाड़ियां खड़ी कर कार्य बहिष्कार कर दिया, पार्षदों का आरोप है कि विभाग ठीक से कार्य नहीं कर रहा है, चारधाम यात्रा चल रही है, यात्री बाहुल्य क्षेत्र होने पर भी जगह जगह अंधेरा छाया हुआ है, तालाबंदी से पहले कर्मचारियों और पार्षदों में काफी बहसबाजी भी हुई, सूचना मिलने पर अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी नगर निगम कार्यालय पहुंचे, जिसके बाद जमकर नारेबाजी हुई, तालाबंदी की सूचना के बाद सहायक नगर आयुक्त श्याम सुंदर ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और हंगामे को शांत कराया।
पार्षद हिमांशु गुप्ता ने बताया पिछले कई दिनों ने उनके वार्डो में अंधेरा छाया हुआ है, निगम कर्मचारी बंद पड़ी स्ट्रीट लाइट ठीक करने नहीं आते हैं, जनता पार्षदों से नाराज है, जिसके कारण आज वे अपने साथी पार्षदों के साथ निगम कार्यालय पहुंचे, यहां स्ट्रीट लाइट अनुभाग में बैठे कर्मचारियों से बात करने लगे, कर्मचारियों ने उनकी एक बात भी नहीं सुनी, उनके साथ दुर्व्यवहार करने लगे, कई बार समझाने पर भी वो अभद्रता करते रहे, इसके बाद कांग्रेस पार्षदों ने कर्मचारियों को कार्यालय में बंद किया, खुद ताला लाकर गेट पर ताला जड़ दिया, कांग्रेस पार्षद नारेबाजी करते रहे, कर्मचारी अंदर कार्यालय में बंद रहे, इसके बाद मौके पर अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लग गया।
हंगामा बढ़ते देख अन्य निगम कर्मचारी भी अन्य साथी कर्मचारियों के समर्थन में आ गए, सूचना मिलते ही सहायक नगर आयुक्त श्याम सुंदर मौके पर पहुंचे, उन्होंने मामले को शांत कराया, इसके बाद कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार छोड़कर काम शुरू किया, कर्मचारियों ने भी सभी आरोपों को बेबुनियाद बताया, उन्होंने कहा निगम क्षेत्र के 60 वार्डों में बहुत कम स्ट्रीट लाइट कर्मचारी हैं, जिसके कारण स्ट्रीट लाइट की मरम्मत के कार्य में देरी हो रही है, सहायक नगर आयुक्त श्याम सुंदर ने कर्मचारियों को हिदायत देते हुए कहा कि आमजन हो या जनप्रतिनिधि, सबके साथ सौम्य व्यवहार करना चाहिए, इसलिए सभी कर्मचारियों को इसके निर्देश दे दिए गए हैं।
