हल्द्वानी के लालकुआं में पत्नी को जन्मदिन पर सरप्राइज देने आए पति की मौत, दो माह पहले हुई थी शादी

हल्द्वानी के लालकुआं में पत्नी को सरप्राइज देकर जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए हरिद्वार से छुट्टी लेकर घर आए एक युवक की मौत हो गई। गुरुवार रात तक जिस घर में जन्मदिन की खुशियां थीं, शुक्रवार सुबह वही घर चीख-पुकार से गूंज उठा। महज दो माह पहले विवाह बंधन में बंधे युवक की अचानक मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक की लहर है। हल्दूचौड़ के दीना डी क्लास निवासी कमल आर्य (30) पुत्र स्व. प्रेमराम हरिद्वार स्थित हीरो कंपनी में कार्यरत थे। उनका विवाह इसी वर्ष 30 अप्रैल को बिंदुखत्ता के संजय नगर निवासी भावना के साथ हुआ था। गुरुवार को पत्नी का जन्मदिन होने के कारण वह बिना बताए उसे सरप्राइज देने के लिए घर पहुंचा। परिजनों के अनुसार गुरुवार दिन में वह पत्नी के साथ ससुराल भी गया, जिसके बाद घर आकर रात को पूरे परिवार ने हंसी-खुशी जन्मदिन मनाया।

- Advertisement -

केक कटा, परिवार ने साथ बैठकर भोजन किया और देर रात तक खुशियों का माहौल रहा। इसके बाद कमल यह कहकर सो गए कि उन्हें शुक्रवार सुबह हरिद्वार लौटना है और लालकुआं से सुबह छह बजे की ट्रेन पकड़नी है। उन्होंने पत्नी से समय पर जगा देने को कहा और मोबाइल में अलार्म भी लगा लिया। शुक्रवार सुबह अलार्म बजा, लेकिन कमल नहीं उठे। पत्नी भावना ने उन्हें कई बार आवाज दी और झकझोरकर जगाने का प्रयास किया, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं हुई। घबराई पत्नी के शोर मचाने पर परिजन कमरे में पहुंचे और आनन-फानन में उन्हें हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

- Advertisement -

प्राथमिक तौर पर चिकित्सक अचानक हुई इस मौत के पीछे साइलेंट हार्ट अटैक की आशंका जता रहे हैं। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। कमल अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उनके निधन पर बूढ़ी मां, पत्नी भावना और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जिस पत्नी को जन्मदिन का अनमोल सरप्राइज देने वह घर आए थे, किसी ने सोचा भी नहीं था कि वही दिन उसकी जिंदगी का सबसे बड़ा दर्द बन जाएगा।

- Advertisement -
TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Exit mobile version