उत्तराखंड की भाजपा सरकार ने बकरीद पर सार्वजनिक छुट्टी की तारीख में बदलाव किया है। पहले यह अवकाश 27 मई बुधवार को घोषित था, लेकिन अब इसे बदलकर 28 मई गुरुवार कर दिया गया है। सरकार की ओर से जारी शासनादेश में इस संशोधन को तत्काल प्रभाव ले लागू करने का आदेश जारी हुआ है। संशोधित अधिसूचना सचिव राजेंद्र कुमार की ओर से 26 मई को जारी किया गया है। इसमें कहा गया है कि राज्य में बकरीद के लिए 28 मई को सार्वजनिक अवकाश रहेगा। यह छुट्टी सरकारी कार्यालयों के साथ-साथ बैंक, कोषागार और उप कोषागारों में भी लागू होगी। सरकार की ओर से जारी आदेश में साफ किया गया है कि पहले जारी अधिसूचना में सिर्फ छुट्टी की तारीख बदली गई है, बाकी सभी शर्तें पहले की तरह ही लागू रहेंगी।
हल्द्वानी पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर राष्ट्र विरोधी तत्वों से सतर्क रहें। वे उत्तराखंड की संस्कृति को वैश्विक स्तर पर मंच दिलाने काम करें। मुख्यमंत्री ने रामपुर रोड स्थित होटल में आयोजित ‘सोशल मीडिया मंथन विद सीएम धामी’ कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने कहा कि कुछ तत्व उत्तराखंड की छवि खराब करने के लिए सोशल मीडिया में प्रकट हो जाते हैं। इससे अब सतर्क रहने की जरूरत है।
