बदरीनाथ हाईवे पर चारधाम यात्रा से लौट रहे यात्रियों की एक बस रविवार शाम मुनिकीरेती थाना अंतर्गत शिवपुरी क्षेत्र में हाईवे पर पलट गई। हादसा शिवपुरी के पास कलथरी डंपिंग प्वाइंट नजदीक हुआ। बस में ड्राइवर-कंडक्टर समेत 25 यात्री सवार थे। हादसे में सात यात्री घायल हो गए। अन्य सुरक्षित हैं। पुलिस के अनुसार, बस (UK14PA0605) बदरीनाथ से हरिद्वार जा रही थी। चलते-चलते ड्राइवर की साइड की खिड़की खुल गई। उसे बंद करने के दौरान बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। हादसे में सात लोग घायल हो गए। 108 एंबुलेंस से उन्हें राजकीय चिकित्सालय ऋषिकेश भेजा गया।
बस में सवार बाकी यात्रियों को मामूली खरोंचें आईं, सभी सुरक्षित हैं। थाना मुनि की रेती पुलिस मौके पर पहुंच गई है। यातायात सुचारू कराया जा रहा है। यात्रियों को दूसरी बस से गंतव्य के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने बस को सड़क से हटवा दिया है। घायल यात्री सोनम गुप्ता(28) पुत्री ज्ञानचंद, मुन्नी देवी(56) पत्नी ज्ञानचंद, चंद्र प्रकाश (62) गुप्ता पुत्र रामचरण, संजय चौरसिया ( 59) पुत्र पन्नालाल, सीता देवी (38) पत्नी राम प्रसाद, कुमारी शबनम (32) पत्नी अभिमन्यु, मनीष गिरी (44) समस्त निवासीगण लखीमपुर खीरी उत्तर प्रदेश के बताए जा रहे है।


