Wedding Destination: त्रियुगीनारायण में विवाह का उत्साह...अप्रैल तक की बुकिंग फुल, बेहद खास है ये पवित्र स्थली
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Dec 04, 2024 11:03
•
1 views
•
0 Comments
त्रियुगीनारायण में विवाह करने का उत्साह हर वर्ष बढ़ रहा है। स्थानीय के साथ बाहरी लोग भी इसके बारे में जानकारी होने पर अपने पुत्र व पुत्रियों का विवाह...
त्रियुगीनारायण में विवाह करने का उत्साह हर वर्ष बढ़ रहा है। स्थानीय के साथ बाहरी लोग भी इसके बारे में जानकारी होने पर अपने पुत्र व पुत्रियों का विवाह यहां कराने को इच्छुक हो रहे हैं। इसी वजह से यहां 30 अप्रैल 2025 तक की वैवाहिक आयोजन की बुकिंग हो चुकी है।
शिव-पार्वती की विवाह स्थली त्रियुगीनारायण में इस वर्ष मंदिर में अभी तक 150 से अधिक विवाह आयोजन हो चुके हैं, जिसमें नवंबर माह में रिकार्ड सौ से अधिक विवाह संपन्न कराए गए। रुद्रप्रयाग-गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनप्रयाग से 11 किमी की दूरी पर स्थित त्रियुगीनारायण का विशेष धार्मिक महत्व है।
भगवान शिव व पार्वती के विवाह के यहां प्रत्यक्ष प्रमाण आज भी मौजूद है। तीन युगों से अनवरत जल रही अखंड ज्योति व वेदी के साथ ही अन्य कई धार्मिक धरोहरें मौजूद हैं, जिनके दर्शनों के लिए यहां प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं।
इस वर्ष केदारनाथ यात्रा के दौरान यहां रिकॉर्ड 6 लाख श्रद्धालुओं ने भगवान वामन और शिव-पार्वती विवाह की फेरा वेदी और अखंड ज्योति के दर्शन किए। बीते तीन-चार वर्षों से यहां विवाह आयोजन को लेकर स्थानीय के साथ ही उत्तराखंड के अन्य जनपदों के अलावा बाहरी राज्यों से लोग पहुंच रहे हैं। इस वर्ष मकर संक्रांति, बसंत पंचमी, महाशिवरात्रि, बैसाखी और विजयदशमी पर यहां कई विवाह आयोजन हुए। नवंबर में हुए सौ से अधिक विवाह आयोजनों में स्थानीय के साथ ही पौड़ी, श्रीनगर, देहरादून, दिल्ली व अन्य क्षेत्रों के लोग शामिल रहे। आगामी मकर संक्रांति, बसंत पंचमी, महाशिवरात्रि, बैसाखी और अक्षय तृतीया के दिन पर विवाह आयोजन की बुकिंंग हो चुकी है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!