उत्तराखंड में कट्टरपंथी व राष्ट्रविरोधी गतिविधियों पर STF की सर्जिकल स्ट्राइक, एक गिरफ्तार
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Jun 18, 2026 06:32
•
1 views
•
0 Comments
रुद्रपुर में एसटीएफ ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथी व राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से देश का माहौल खराब करने वालों पर सर्जिकल स्ट्राइक की है। एस...
रुद्रपुर में एसटीएफ ने इंटरनेट मीडिया के माध्यम से कट्टरपंथी व राष्ट्रविरोधी गतिविधियों से देश का माहौल खराब करने वालों पर सर्जिकल स्ट्राइक की है। एसटीएफ ने गदरपुर निवासी एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। उसके मोबाइल फोन की जांच में इंटरनेट मीडिया प्लेटफ़ार्म पर कट्टरपंथी व जिहादी विचारधारा से संबंधित समूह, चैट व सामग्री मिली है। उसके पास से एक पिस्टल सहित एके 47 के कारतूस बरामद किए हैं। स्पेशल टास्क फोर्स ने दबिश देकर मोहम्मद सलाउद्दीन पुत्र अब्दुल मलिक निवासी मजरासीला गदरपुर को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। वह विभिन्न इंटरनेट मीडिया प्लेटफ़ार्म (इंस्टाग्राम, टेलीग्राम व सिग्नल) के माध्यम से युवाओं को प्रभावित कर कट्टरपंथी एवं जिहादी विचारधारा से जोड़ सामाजिक सौहार्द, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा के विरुद्ध गतिविधियों को बढ़ावा देने का प्रयास कर रहा था।
उससे पूछताछ के उपरांत जानकारी मिलने पर देर रात्रि सर्च अभियान चला एसटीएफ ने एक इंग्लिश पिस्टल, पांच कारतूस, चार डेटोनेटर, एके 47 के दो कारतूस भी बरामद कर लिए। उससे मिली जानकारी के आधार पर एसटीएफ उत्तराखंड की विशेष टीम नेटवर्क से जुड़े लोगों की धर पकड़ के लिए उत्तर प्रदेश में भी दबिश दे रही है। उसके मोबाइल फोन की जांच के दौरान सिग्नल एवं टेलीग्राम एप पर कई समूहों और चैट्स में कथित रूप से जिहाद, शहादत व राष्ट्रविरोधी विचारों से संबंधित सामग्री और संदेश पाए गए। प्रारंभिक जांच में युवाओं को भ्रमित कर उग्र विचारधारा की ओर प्रेरित करने संबंधी गतिविधियों के संकेत मिले हैं। जांच में आरोपित के इंटरनेट मीडिया नेटवर्क के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय/ट्रांस-बार्डर कट्टरपंथी तत्वों से संभावित संपर्कों के संकेत मिले हैं। एसटीएफ इन कनेक्शनों की सत्यता व दायरे की विस्तृत जांच में जुट गई है। जांच के दौरान चैट्स में हथियार, विस्फोटक सामग्री के सुरक्षित भंडारण एवं उनकी आवाजाही से संबंधित संदिग्ध बातचीत भी सामने आई है, जिसकी तकनीकी एवं फारेंसिक जांच की जा रही है।
जांच में आरोपित द्वारा कुछ चैट एवं संपर्कों को डिलीट करने की भी जानकारी मिली है। उत्तर प्रदेश के रामपुर निवासी एक व्यक्ति से उसके संपर्क होने की जानकारी भी सामने आई है, जिसकी भूमिका की जांच की जा रही है। पूछताछ में संवेदनशील जानकारी मिली है। आरोपित के विरुद्ध धारा 152, 61(2) बीएनएस व सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66(सी) एवं 66(एफ) के तहत कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपित से पूछताछ में उसके अंतरराष्ट्रीय कनेक्शन की जानकारी मिली है। जानकारी में आया है की देश विरोधी गतिविधियों में पाकिस्तान द्वारा मलेशिया से एक हैंडलर द्वारा इसको संचालित किया जा रहा था। वह किसी घटना को अंजाम देने के लिए तैयारी कर रहा था। जिसको डिकोड करने में एसटीएफ जुट गई है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!