उत्तराखंड में सड़क हादसों के घायलों को जल्द मिलेगा इलाज, 112 से जुड़ेंगी सभी आपातकालीन सेवाएं
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Jul 24, 2026 07:24
•
25 views
•
0 Comments
उत्तराखंड सरकार सड़क दुर्घटनाओं में घायलों को समय पर इलाज दिलाने के लिए आपातकालीन सेवाओं को और प्रभावी बनाने की दिशा में काम कर रही है। इसके तहत पुलिस, फायर और स्वास्थ्य विभाग की सेवाओं को एकीकृत हेल्पलाइन 112 से जोड़ने की तैयारी की जा रही है। नई व्यवस्था लागू होने के बाद सड़क हादसा या किसी अन्य आपात स्थिति की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों की टीम को तुरंत अलर्ट भेजा जाएगा। इससे राहत और बचाव कार्य में तेजी आएगी और घायल व्यक्ति को कम समय में अस्पताल पहुंचाया जा सकेगा। सरकार सभी सरकारी और निजी एंबुलेंस में जीपीएस और आधुनिक ट्रैकिंग सिस्टम लगाने की योजना पर भी काम कर रही है। इन एंबुलेंसों को 112 नेटवर्क से जोड़ा जाएगा…जिससे सबसे नजदीक उपलब्ध एंबुलेंस की पहचान कर उसे तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना किया जा सकेगा। साथ ही एंबुलेंस की लोकेशन की लाइव निगरानी भी संभव होगी।
राज्य स्तर पर इस पूरी व्यवस्था की निगरानी महानिदेशक स्वास्थ्य करेंगे…जबकि जिलों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी इसकी जिम्मेदारी संभालेंगे। व्यवस्था की नियमित समीक्षा के लिए समय-समय पर बैठकें भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा राज्य में ट्रॉमा रजिस्ट्री तैयार की जाएगी, जिसमें सरकारी और निजी अस्पतालों को जोड़ा जाएगा। इससे सड़क दुर्घटनाओं और घायलों के उपचार से जुड़ा डाटा व्यवस्थित रूप से उपलब्ध रहेगा और भविष्य में सड़क सुरक्षा से जुड़ी योजनाओं को और बेहतर बनाया जा सकेगा। मुख्य सचिव आनंद वर्धन ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि सभी एजेंसियां आपसी समन्वय के साथ काम करें और यह सुनिश्चित करें कि सड़क दुर्घटना में घायल किसी भी व्यक्ति को बिना देरी के उपचार और आवश्यक सहायता मिल सके।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!