दिल्ली के जंतर-मंतर धरने में शामिल हुई टिहरी की भाजयुमो की मंडल अध्यक्ष मणिका राणा, पार्टी ने पद से हटाया
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Jul 26, 2026 20:26
•
102 views
•
0 Comments
जंतर-मंतर पर छात्रों के आंदोलन में शामिल होने के बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की नई टिहरी मंडल अध्यक्ष मणिका राणा को पद से हटा दिया गया है। रविवार को मणिका राणा ने अपनी प्रतिक्रिया देते हुए बयान जारी किया। उन्होंने कहा कि उनकी पहली निष्ठा सत्य और राष्ट्रहित के प्रति है और किसी भी संगठन से ऊपर सत्य का साथ देना उनके लिए सर्वोपरि है। बीते दिनों मणिका राणा जंतर-मंतर पर चल रहे विद्यार्थियों के धरने में शामिल हुईं। उनका कहना है कि उन्होंने आंदोलन में बढ़-चढ़कर भाग लिया और उन परिवारों की आवाज बनने का प्रयास किया, जिन्होंने अपने बच्चों को खोया है।
आंदोलन की प्रमुख मांगें पूरी हुईं, जो लोकतंत्र की जीत है। मणिका ने कहा कि सरकार ने देर से ही सही, लेकिन सही निर्णय लिया और इसके लिए वह सरकार की सराहना करती हैं। उन्होंने कहा कि सत्य के पक्ष में खड़े होने के कारण यदि उन्हें किसी पद या संगठनात्मक जिम्मेदारी से हाथ धोना पड़े, तो भी वह पीछे नहीं हटेंगी।बता दें कि भाजयुमो टिहरी के जिलाध्यक्ष मनीष राणा ने 21 जुलाई को मणिका राणा को पार्टी विरोधी गतिविधियों और संगठनात्मक कार्यों में उदासीनता का आरोप लगाते हुए नई टिहरी मंडल अध्यक्ष पद से हटाया था। उनके स्थान पर शुभम नेगी को नया मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। संगठन की इस कार्रवाई के बाद मणिका राणा का यह पहला सार्वजनिक बयान सामने आया है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!