श्रीनगर गढ़वाल में गैस सिलेंडर के लिए सुबह से लंबी कतारों में लगे लोग, हो रहे झगड़े
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Mar 13, 2026 06:01
•
1 views
•
0 Comments
शहर में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर शुक्रवार को आवास विकास मैदान में बड़ी संख्या में उपभोक्ता जुट गए। गैस सिलेंडर लेने के लिए सैकड़ों लोग सुबह...
शहर में घरेलू रसोई गैस की आपूर्ति को लेकर शुक्रवार को आवास विकास मैदान में बड़ी संख्या में उपभोक्ता जुट गए। गैस सिलेंडर लेने के लिए सैकड़ों लोग सुबह से ही खाली सिलेंडर लेकर मैदान में पहुंच गए और लंबी कतारों में लगकर अपनी बारी का इंतजार करते रहे। जानकारी के अनुसार सुबह करीब नौ बजे से ही उपभोक्ताओं की लाइन लगनी शुरू हो गई थी। देखते ही देखते मैदान में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए, जिससे वहां भीड़ का माहौल बन गया। कई उपभोक्ता अपने खाली सिलेंडर के साथ मैदान में बैठे नजर आए और घंटों तक अपनी बारी का इंतजार करते रहे। भीड़ अधिक होने के कारण कई बार लाइन में आगे-पीछे होने को लेकर उपभोक्ताओं के बीच कहासुनी और विवाद की स्थिति भी उत्पन्न होती रही। हालांकि मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासन की समझाइश से स्थिति को संभाला गया।
स्थिति को देखते हुए किसी प्रकार की अराजकता या अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस कर्मियों को भी मैदान में तैनात किया गया है। पुलिस द्वारा लोगों को लाइन में लगाकर गैस वितरण की व्यवस्था बनाए रखने का प्रयास किया जा रहा है। स्थानीय उपभोक्ताओं का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति नियमित नहीं हो पा रही है, जिसके कारण लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गैस मिलने की सूचना मिलते ही लोग बड़ी संख्या में मैदान में पहुंच गए। उपभोक्ताओं ने मांग की है कि गैस एजेंसियां नियमित रूप से आपूर्ति सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को इस तरह घंटों लाइन में लगकर इंतजार न करना पड़े। विशेष रूप से गढ़वाल विश्वविद्यालय में अध्ययनरत छात्रों को व नगर क्षेत्र में किराए पर रहने वाले लोगों को विशेष समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!