हल्द्वानी के हल्दूचौड़ में गुलदार का आतंक, स्कूल बंद, ग्रामीणों में दहशत
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Sep 03, 2026 10:24
•
8 views
•
0 Comments
हल्द्वानी के नाथपुर चौमवाल, जग्गी समेत आसपास के क्षेत्रों में पिछले करीब एक पखवाड़े से लगातार गुलदार की सक्रियता से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बुधवार रात गुलदार के बीसीआरएम पब्लिक स्कूल परिसर और आसपास देखे जाने के बाद विद्यालय प्रबंधन ने बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए गुरुवार को विद्यालय में अवकाश घोषित कर दिया। विद्यालय के प्रधानाचार्य की ओर से अभिभावकों को जारी सूचना में बताया गया कि क्षेत्र में घूम रहा गुलदार रात के समय विद्यालय परिसर और उसके आसपास देखा गया है। बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आज विद्यालय बंद रखने का निर्णय लिया गया है। साथ ही अभिभावकों से बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की अपील की गई है।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात रामलीला के रिहर्सल से वापस लौट रहे कुछ लोगों ने भी क्षेत्र में गुलदार को देखा। इसके बाद इसकी सूचना वन विभाग को दी गई। गुलदार की लगातार मौजूदगी से ग्रामीणों में भय बना हुआ है और लोग शाम ढलने के बाद अकेले घर से निकलने से भी बच रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार पिछले करीब 15 दिनों से नाथपुर चौमाल, जग्गी, परमा, बकुलिया और आसपास के क्षेत्रों में गुलदार की आवाजाही देखी जा रही है। कई बार गुलदार आबादी के नजदीक दिखाई देने के कारण लोगों में बच्चों और मवेशियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने तथा आवश्यक कदम उठाने की मांग की है। इधर, स्कूल प्रबंधन ने भी अभिभावकों से सतर्क रहने और बच्चों को अकेले बाहर न भेजने की अपील की है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!