उत्तराखंड में बद्रीनाथ धाम चोरी प्रकरण में चार दिन की रिमांड के बाद आरोपी प्रमोद नौटियाल ने SIT के सामने कबूला जुर्म
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Jul 31, 2026 21:28
•
1 views
•
0 Comments
बदरीनाथ चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) को पूछताछ के दौरान अहम सफलता मिली है. चार दिन की पुलिस रिमांड पर रहे मुख्य आरोपी प्रमोद नौटियाल ने लंबी पूछताछ के बाद कथित तौर पर अपना जुर्म स्वीकार कर लिया है. पुलिस के अनुसार, पहले वह लगातार आरोपों से इनकार करता रहा, लेकिन जब SIT ने उसे सीसीटीवी फुटेज, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्य दिखाए तो उसने चोरी में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली, बदरीनाथ थाना प्रभारी (SHO) महादेव उनियाल ने बताया प्रमोद नौटियाल को चार दिन की पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की गई. इस दौरान उससे कई चरणों में पूछताछ हुई. जांच अधिकारियों के सामने उसने स्वीकार किया कि बदरीनाथ धाम में चोरी की घटना में वह शामिल था. साथ ही उसने माना कि उससे बड़ी गलती हुई है।
एसआईटी जांच के दौरान आरोपी के सरकारी आवास से नकदी, सोने के आभूषण, शालिग्राम, चांदी की मूर्ति, चांदी का नाग, नेपाली मुद्रा सहित अन्य सामान बरामद किया गया था. इसके अलावा पूर्व में चोरी गया सोने का मणि जड़ित मुकुट भी पुलिस बरामद कर चुकी है. इन बरामदगी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ आगे बढ़ाई गई। जांच एजेंसियों के सामने अभी भी कई सवाल बाकी हैं. पुलिस का कहना है कि प्रमोद नौटियाल ने चोरी में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली है, लेकिन उसने अब तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि वह यह सब किसके कहने पर करता था. इस पूरे प्रकरण में उसके साथ और कौन-कौन लोग शामिल थे? ये भी अहम सवाल हैं. SIT अब इस पहलू की गहन जांच कर रही है. मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका भी खंगाली जा रही है।
पुलिस रिमांड समाप्त होने के बाद प्रमोद नौटियाल को दोबारा न्यायिक अभिरक्षा में पुरसाड़ी जेल भेज दिया गया है. SIT का कहना है कि यदि जांच के दौरान आवश्यकता महसूस हुई तो आरोपी की दोबारा पुलिस रिमांड लेने के लिए अदालत में आवेदन किया जाएगा। बदरीनाथ धाम से जुड़े इस बहुचर्चित प्रकरण में SIT की जांच अभी जारी है. अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी. मामले में अन्य व्यक्तियों की संलिप्तता की पुष्टि होने पर उनके खिलाफ भी विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!