उत्तराखंड में धामी सरकार के 33% महिला आरक्षण के फैसले के बाद अब 10 में से 3 जिला सहकारी बैंकों की कमान संभालेंगी महिलाएं
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
May 21, 2026 00:45
•
1 views
•
0 Comments
प्रदेश में संचालित 10 जिला सहकारी बैंकों में से तीन की कमान अब महिलाएं संभालेंगी। शीर्ष सहकारी समितियों में अध्यक्ष पदों पर महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत...
प्रदेश में संचालित 10 जिला सहकारी बैंकों में से तीन की कमान अब महिलाएं संभालेंगी। शीर्ष सहकारी समितियों में अध्यक्ष पदों पर महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान किए जाने के धामी सरकार के निर्णय के बाद इसे धरातल पर मूर्त रूप दिया जा रहा है। इस कड़ी में सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण ने जिला सहकारी बैंकों के साथ ही जिला सहकारी विकास संघ और केंद्रीय उपभोक्ता भंडार समितियों में अध्यक्ष पदों के लिए अंतिम आरक्षण जारी कर दिया है। इन समितियों के चुनाव का कार्यक्रम भी घोषित किया जा चुका है। सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण के अध्यक्ष हंसा दत्त पांडे के अनुसार अंतिमआरक्षण के तहत अल्मोड़ा, उत्तरकाशी व ऊधम सिंह नगर जिला सहकारी बैंकों में अध्यक्ष पद महिलाओं के लिए आरक्षित किया गया है। शेष पद अनारक्षित हैं।
नौ जिला सहकारी विकास संघों में से रुद्रपुर, अल्मोड़ा व गोपेश्वर और चार केंद्रीय उपभोक्ता भंडार समितियों में से उत्तरकाशी की समिति के अध्यक्ष पद को महिला आरक्षित किया गया है। उन्होंने बताया कि अंतिम आरक्षण पर आपत्तियां मांगी गई हैं। इनके निस्तारण के बाद अंतिम आरक्षण जारी किया जाएगा। उन्होंने जानकारी दी कि केंद्रीय उपभोक्ता भंडार समितियों की प्रबंध कमेटी के सदस्यों का चुनाव 29 जून और अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व अन्य समितियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव 30 जून को होगा। इसी प्रकार जिला सहकारी विकास संघ की प्रबंध कमेटी सदस्यों का निर्वाचन 13 जुलाई और 14 जुलाई को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व अन्य समितियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव होगा।जिला सहकारी बैंक की प्रबंध कमेटी सदस्यों के चुनाव को 28 जुलाई की तिथि तय की गई है, जबकि 29 जुलाई को अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व अन्य समितियों को भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का चुनाव होगा।
सहकारी निर्वाचन प्राधिकरण ने सभी प्रकार की विशेष केंद्रीय सहकारी समितियों और संघों के चुनाव का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है। तय कार्यक्रम के अनुसार 15 मई को अंतिम मतदाता सूची का प्रदर्शन होगा और इसी दिन आपत्तियां मांगी जाएंगी। आपत्तियों के निस्तारण के बाद 26 मई को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन होगा। 27 मई को नामांकन दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होगी। 29 मई को नामांकन पत्रों की जांच व आपत्तियों का निस्तारण होगा। 29 मई को वैध नामांकन पत्रों की सूची जारी होगी। 30 मई को नाम वापस लिए जा सकेंगे और इसी दिन चुनाव चिह्न भी आवंटित किए जाएंगे। एक जून को मतदान और इसी दिन गणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!