देहरादून रचेगा इतिहास,देश को पहली बार आईएमए से मिलेंगी नौ महिला सैन्य अफसर, 515 कैडेट्स होंगे पासआउट
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Jun 12, 2026 17:27
•
1 views
•
0 Comments
भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड शनिवार को ऐतिहासिक होगी, जब नौ महिला सैन्य अफसर यहां से पहली बार पासआउट होकर भारतीय सेना का हिस्सा बनेंगी। कुल...
भारतीय सैन्य अकादमी की पासिंग आउट परेड शनिवार को ऐतिहासिक होगी, जब नौ महिला सैन्य अफसर यहां से पहली बार पासआउट होकर भारतीय सेना का हिस्सा बनेंगी। कुल 515 जेंटलमैन कैडेट पासआउट होंगे। इसके लिए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को दून पहुंच गईं। वह परेड की मुख्य अतिथि होंगी। शनिवार को सुबह आईएमए के ऐतिहासिक परेड मैदान में जेंटलमैन कैडेट्स कदमताल करते हुए सेना के अनुशासन, राष्ट्रप्रेम का संदेश देते हुए अंतिम पग पार करेंगे। पासिंग आउट सेरेमनी में कुल 515 जेंटलमैन कैडेट हिस्सा लेंगे। इनमें नौ महिला कैडेट सहित कुल 481 कैडेट भारतीय हैं।
उनके साथ 16 मित्र देशों के 34 कैडेट भी पासआउट होकर अपने देश की सेनाओं का हिस्सा बनेंगे। यह दूसरा मौका है जबकि कोई महिला राष्ट्रपति आईएमए की परेड में मुख्य अतिथि हैं। इससे पहले प्रतिभा पाटिल भी परेड की सलामी ले चुकी हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शुक्रवार को सुबह देहरादून पहुंच गईं। एयरपोर्ट पर उनका स्वागत राज्यपाल ले. जन गुरमीत सिंह(सेनि.), मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, मुख्य सचिव आनंदवर्धन , डीजीपी दीपम सेठ ने किया। वहां से राष्ट्रपति सड़क मार्ग से राष्ट्रपति निकेतन पहुंचीं। इस दौरान कई गणमान्यों ने उनसे मुलाकात की। शनिवार को सुबह राष्ट्रपति सड़क मार्ग से आईएमए पहुंचेंगी। यहां आईएमए के 158वें रेगुलर, 141वें टेक्निकल कोर्स की पासिंग आउट परेड की सलामी लेंगी। इसके बाद सुबह करीब 9:30 बजे आईएमए से देहरादून एयरपोर्ट के लिए लौट जाएंगी। वहां से दिल्ली रवाना होंगी। 6:40 बजे परेड कार्यक्रम की शुरुआत। 7:30 बजे राष्ट्रपति चैट वुड पहुंचेंगी, उनके स्वागत के बाद परेड कार्यक्रम जारी रहेगा। 9:30 बजे पीपिंग सेरेमनी शुरू होगी।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!