ताजा खबरें

ऋषिकेश - बदरीनाथ हाईवे पर डंपर-कार की भीषण टक्कर में भाई-बहन की मौत

सुरेन्द्र सिंह रावत By सुरेन्द्र सिंह रावत Aug 31, 2026 15:57 9 views 0 Comments
ऋषिकेश - बदरीनाथ हाईवे पर डंपर-कार की भीषण टक्कर में भाई-बहन की मौत

सोमवार को ऋषिकेश-बदरीनाथ राजमार्ग पर बड़ा हादसा हो गया। डंपर और कार की टक्कर में भाई-बहन की मौत हो गई तथा दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि हादसा सुबह करीब सवा सात बजे मुनिकीरेती थाना क्षेत्र में मालागूंठी के पास हुआ जब ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही कार की विपरीत दिशा से आ रहे डंपर से भिड़ंत हो गई थी। थाना प्रभारी प्रदीप चौहान ने बताया कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार लोग वाहन के अंदर फंस गए। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची। बचावकर्मियों ने गैस कटर की मदद से कार को काटकर चारों लोगों को बाहर निकाला और उन्हें ऋषिकेश के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया।

चौहान ने बताया कि उपचार के दौरान श्रीनगर निवासी ऋषभ (22) और उनकी बहन रक्षा सेमवाल (24) ने दम तोड़ दिया। कीर्तिनगर निवासी सुहानी (20) और श्रीनगर निवासी ईशानी (20) की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें ऋषिकेश स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) रेफर कर दिया। उन्होंने बताया कि रक्षा सेमवाल कीर्तिनगर स्थित अस्पताल में लैब तकनीशियन के पद पर कार्यरत थीं, जबकि ऋषभ सिंचाई विभाग में अवर अभियंता के पद पर कार्यरत थे। उनके पिता भी सिंचाई विभाग में प्रशासनिक अधिकारी हैं। थाना प्रभारी ने बताया कि डंपर चालक को हिरासत में ले लिया गया है। मृतकों और घायलों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सुरेन्द्र सिंह रावत

सुरेन्द्र सिंह रावत

Verified Reporter

Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.

Enjoyed this article?

Share it with your friends and colleagues.

Comments (0)

No comments yet. Be the first to share your thoughts!

Leave a Comment