देवप्रयाग क्षेत्र में ऋषिकेश-बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर पिकअप खाई में गिरा, तीन युवकों की दर्दनाक मौत
By सुरेन्द्र सिंह रावत
•
Oct 27, 2025 16:11
•
1 views
•
0 Comments
उत्तराखंड के टिहरी जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। देवप्रयाग क्षेत्र में ऋषिकेश-बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर तोताघाटी के पास एक पिकअप वाहन गहरी...
उत्तराखंड के टिहरी जिले में सोमवार को एक भीषण सड़क हादसा हुआ। देवप्रयाग क्षेत्र में ऋषिकेश-बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर तोताघाटी के पास एक पिकअप वाहन गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। देवप्रयाग थाना प्रभारी एलएस बुटोला ने हादसे की पुष्टि की है।
थाना प्रभारी बुटोला ने बताया कि देहरादून जिले के डोईवाला निवासी बबली कौर ने पुलिस को सूचना दी कि उनका बेटा मोहन सिंह (25), पिकअप चालक प्रवीण राठौर (25) और तारा चंद्र (24) 25 अक्टूबर की रात एशियन पेंट्स गोदाम, कुआंवाला, देहरादून से पेंट और पुट्टी के कट्टे लेकर गोपेश्वर के लिए निकले थे। उन्हें 26 अक्टूबर तक गोपेश्वर पहुंचना था, लेकिन वे निर्धारित समय तक नहीं पहुंचे।
बबली कौर ने बताया कि उनके बेटे का फोन सुबह से बंद था। लालतप्पड़ चौकी से उनकी अंतिम लोकेशन साकनीधार के पास मिली थी। सूचना मिलते ही बछेलीखाल पुलिस और परिजन साकनीधार पहुंचे, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। खोजबीन के दौरान टीम कोडियाला की ओर बढ़ी, तभी तोताघाटी के पास टूटे हुए दो पैराफिट दिखाई दिए। नीचे खाई की ओर देखने पर पेंट और पुट्टी का सामान बिखरा मिला और लगभग 250 मीटर गहरी खाई में पिकअप वाहन और उसके पुर्जे नजर आए।
मौके पर एसडीआरएफ टीम बुलाई गई और रेस्क्यू अभियान चलाया गया। खाई से तीनों मृतकों के शव बरामद किए गए। पुलिस ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त इस प्रकार हुई। मोहन सिंह पुत्र तारा सिंह (25 वर्ष), फतेहपुर टांडा, डोईवाला, देहरादून प्रवीण राठौर पुत्र दिनेश कुमार (25 वर्ष), डोईवाला, देहरादून (वाहन चालक), तारा चंद्र पुत्र सुरेश चंद (24 वर्ष), फतेहपुर टांडा माजरी ग्रांट, डोईवाला, देहरादून, पुलिस ने कहा कि मृतकों के शवों को सुरक्षित निकालकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे ने फिर से पहाड़ी हाईवे की खतरनाक परिस्थितियों और सुरक्षा चुनौतियों पर सवाल खड़ा कर दिया है।
सुरेन्द्र सिंह रावत
Verified Reporter
Professional journalist writing regular analytical and research reports on key political, cultural, and technological fields globally.
Comments (0)
No comments yet. Be the first to share your thoughts!