केदारनाथ पैदल मार्ग पर बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। पोल संख्या 337-340 के बीच शॉर्टकट मार्ग से नीचे उतरते समय दो श्रद्धालुओं का पैर फिसल गया और वे गहरी खाई में जा गिरे। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि घटना दोपहर 1:23 बजे हुई। घटना की सूचना मिलने पर एसडीआरएफ, वाईएमएफ, पुलिस और सेक्टर अधिकारी को मौके पर रवाना किया गया।
एसडीआरएफ ने घायल मोहित (27) निवासी गोकुलपुरी, उत्तर-पूर्वी दिल्ली को खाई से निकालकर छोटी लिनचोली स्थित मेडिकल रिलीफ पोस्ट पहुंचाया। जांच में पैर में फ्रैक्चर के कारण उन्हें उपचार के लिए गौरीकुंड भेजा गया। वाईएमएफ और आपदा मित्रों ने दूसरे युवक प्रियांशु शुक्ला (27) निवासी फर्रुखाबाद, उत्तर प्रदेश को रेस्क्यू कर भीमबली मेडिकल रिलीफ पोस्ट पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि शव को वैधानिक कार्रवाई के लिए गौरीकुंड होते हुए जिला चिकित्सालय भेजा गया। वहीं परिवार को सूचना दे दी गई है।
