अल्मोड़ा में कांग्रेस विधायक मदन बिष्ट द्वारा जनता दरबार के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में भारतीय जनता पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने चौघानपाटा में एकत्र होकर विधायक मदन बिष्ट का पुतला दहन किया और उनके खिलाफ नारेबाजी की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री की माता के प्रति की गई टिप्पणी न केवल अमर्यादित है, बल्कि भारतीय संस्कृति और सामाजिक मूल्यों के भी खिलाफ है। कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस विधायक से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।
इस दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर राजनीतिक मर्यादाओं को तार-तार करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी की माता के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि विधायक मदन बिष्ट अपने बयान पर माफी नहीं मांगते हैं तो भाजपा आगे भी लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगी। पुतला दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


