उत्तराखंड चारधाम यात्रा अपने चरम पर है, हर दिन 50 हजार से ज्यादा श्रद्धालु चारधाम यात्रा पर पहुंच रहे हैं, दूसरी तरफ, उच्च हिमालयी क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी भी हो रही है, हालांकि, अभी तक बारिश और बर्फबारी श्रद्धालुओं की यात्रा में बाधा नहीं बनी है, लेकिन फिर भी प्रशासन ने श्रद्धालुओं को सर्तकता के साथ यात्रा करने की अपील की है, इसी क्रम में 5 मई मंगलवार को यमुनोत्री धाम जा रहे श्रद्धालुओं की बस बड़ी दुर्घटना का शिकार होने से बच गई, यमुनोत्री हाईवे पर हनुमान चट्टी के पास मंगलवार को मलबा और बडे बोल्डर गिरने के कारण एक दमन द्वीप में रजिस्टर्ड यात्री बस (संख्या-DD01-W-9826) क्षतिग्रस्त हो गई, बस में कर्नाटक राज्य के बेंगलुरु के 16 यात्री सवार थे, हालांकि, राहत की बात यह रही कि मलबे की चपेट में कोई यात्री नहीं आया और सभी श्रद्धालु पूरी तरह सुरक्षित है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची, टीम ने यमुनोत्री की ओर जा रहे यात्रियों को बस से सुरक्षित उतारकर सुरक्षित स्थान पर ठहराया, भारी मलबा गिरने से बस के अगले हिस्से को काफी नुकसान पहुंचा है, बड़कोट के प्रभारी निरीक्षक सुभाष चंद्र ने बताया कि थोड़ी देर के लिए मार्ग पर यातायात बाधित रहा, लेकिन मलबा हटाने के बाद वाहनों की आवाजाही फिर से बहाल कर दी गई और यात्रियों को आगे रवाना किया गया, प्रशासन ने इलाके में सतर्कता बरतने और मौसम की स्थिति को देखते हुए सावधानी से यात्रा करने की अपील की है।


