चमोली जिले में घास लेने जंगल गई महिला पर पहाड़ी से पत्थर आ गिरा, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, आनन-फानन में ग्रामीण महिला को लेकर अस्पताल की तरफ निकले, लेकिन अस्पताल पहुंचने तक महिला ने दम तोड़ दिया, वहीं, महिला की मौत पर ग्रामीणों ने हंगामा भी किया। थराली पुलिस उपनिरीक्षक लक्ष्मण सिंह नेगी के मुताबिक, थराली के गैरबारम गांव की कमला देवी पत्नी कुंदन सिंह (उम्र 52 वर्ष) चारा पत्ती लेने के लिए जंगल गई थी, तभी ऊपर से एक बोल्डर आ गिरा, जो सीधे कमला देवी पर जा लगा, जिससे महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।
इसके बाद ग्रामीण तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल महिला को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली लाए, जहां डॉक्टरों ने जांच पड़ताल के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया, यह सुनते ही परिजन बिलख उठे. बताया जा रहा है कि कमला देवी जूनियर हाईस्कूल में भोजनमाता थी, वहीं, महिला की मौत पर गैरबारम गांव में मातम पसर गया है। ग्रामीणों ने अस्पताल पहुंचकर हंगामा किया और उन्होंने आशंका जताई कि जंगल के ऊपर कोई काम चल रहा है, वहीं से पत्थर गिराया गया है, इसी कारण महिला की मौत हुई है, उन्होंने इसकी जांच करने और दोषियों को गिरफ्तार करने की मांग की, फिलहाल पुलिस में ग्रामीणों को समझाकर शांत कर दिया है।


