देहरादून के थाना प्रेमनगर क्षेत्र में एक महिला ने अपनी घर में काम करने वाली नौकरानी पर सोने के बिस्किट और नकदी चोरी करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार झाझरा प्रेमनगर निवासी कुसुम रावत ने शिकायत दी कि उनके घर में नवंबर 2023 से एक महिला हाउस हेल्पर के रूप में काम कर रही थी। 29 मई 2025 को वह अपनी बेटी के एडमिशन के लिए मुंबई गई थीं उस दौरान नौकरानी घर पर खाना बनाने आती थी।
शिकायतकर्ता ने बताया कि नवंबर 2025 में नए घर में शिफ्ट होने के बाद उन्होंने अपने कीमती सामान का बैग अलमारी में सुरक्षित रखा था। 30 नवंबर को सामान चेक करने पर बैग से चार सोने के बिस्किट और करीब दो लाख रुपये गायब मिले। इसके अलावा स्टोर के लॉकर की दूसरी चाबी भी पहले गायब पाई गई थी। महिला का आरोप है कि घटना के बाद नौकरानी के व्यवहार में बदलाव आ गया था। उसने अपने घर में मरम्मत और रंगाई-पुताई का काम शुरू कर दिया और काम पर देर से आने लगी। थाना प्रभारी कुंदन राम ने बताया कि शिकायत के आधार पर नौकरानी रीना पुंडीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।


